सहरसा। सदर थाना क्षेत्र के छोटका परसा गांव में एक सनकी भाई ने घर में घुसकर अपनी सगी बहन को चाकू से गोंदकर मार डाला। पुलिस ने हत्यारोपित भाई को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि हत्या में प्रयुक्त चाकू झाड़ी से खून से सने कपड़े घर से बरामद कर लिया है।
पुलिस को दिए अपने बयान में मृतका की मां शारदा देवी ने बताया कि गत 31 मार्च की शाम में उनकी छोटी पुत्री फूल कुमारी (14) अपने आंगन में झाड़ू लगा रही थी कि उसी दौरान उनका बड़ा लड़का सुशील कुमार साह जो घर से अलग रहता है, वह पहुंचा और हाथ में चाकू लेकर उनकी छोटी पुत्री पर हमला कर दिया। लगातार कई बार हमला करने के बाद उनकी पुत्री वहीं गिर पड़ी और उसकी मौत हो गई। हत्या करने के बाद सुशील वहां से भाग निकला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को सदर अस्पताल पहुंचाया। वहीं आरोपित की तलाश में सदर एसडीपीओ प्रभाकर तिवारी के नेतृत्व में थानाध्यक्ष, अनि द्रवेश कुमार, मनोज कुमार बच्चन व अन्य जगह-जगह छापेमारी की। देर रात उसे गांव के समीप से ही गिरफ्तार कर लिया गया। जबकि बुधवार को उसके निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त चाकू एक झाड़ी से एवं खून से सना कपड़ा घर से बरामद किया। थानाध्यक्ष आरके सिंह ने बताया कि मृतका व आरोपित के कपड़े में लगे खून व चाकू को जांच के लिए एफएसएल भेजा जाएगा। वहीं गिरफ्तार आरोपित का कहना था वह पहले दिल्ली में रहता था और कुछ दिनों पहले ही घर आया था। हत्या के कारण का उसने खुलासा नहीं किया। परंतु कहा कि उसे हत्या से कोई मलाल नहीं है।
---
कोट
आरोपित को गिरफ्तार कर लिया गया है। चाकू और कपड़े की बरामदगी हो चुकी है। स्क्रीनिग के बाद न्यायालय भेजा जाएगा।
आरके सिंह, सदर थानाध्यक्ष, सहरसा।