सहरसा। बख्तियारपुर प्रखंड के सोनपुरा पंचायत के बसंतपुर गांव में जनवितरण प्रणाली के विक्रेता की मनमानी के विरोध में मंगलवार को सैकड़ों लाभुकों ने खोजूचक-सोनपुरा पथ को जामकर प्रदर्शन किया। वार्ड 3, 4, व 5 के डीलर राजेश कुमार के विरुद्ध लाभुकों ने डीएम, एसडीओ सहित संबंधित पदाधिकारियों को लिखित आवेदन देकर डीलर के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए अनाज वितरण कराने की मांग की है। लेकिन कार्यवाही नहीं होने के विरोध में लाभुकों ने सड़क पर उतरकर विरोध प्रदर्शन किया।
प्रदर्शनकारियों में पंचायत समिति सदस्य गजेंद्र पासवान, वार्ड सदस्य प्रतिनिधि संजय यादव, बिदेश्वरी यादव, हरिश्चंद्र यादव, शिवेंद्र कुमार, उपेंद्र यादव, दिलीप यादव, बिलास यादव, बाल किशोर यादव, सचिन यादव, गुड्डू कुमार, सुल्तानी देवी, सुलेखा देवी, ललिया देवी सहित छह दर्जन लाभुकों ने विरोध प्रदर्शन कर डीलर पर कार्रवाई करने की मांग करते हुए वरीय पदाधिकारियों को आवेदन दिया है। दिए आवेदन में डीलर पर आरोप लगाया है कि हमलोग गरीब मजदूर, ठेला चालक, रिक्सा चालक हैं। हमलोगों को जीने का एक मात्र सहारा मजदूरी ही है। कोरोना वायरस को लेकर सारे काम धंधा बंद हो गए हैं। ऐसी परिस्थिति में भी डीलर द्वारा राशन नहीं दिया जा रहा है। राशन मांगने पर विभिन्न प्रकार का बहाना बनाकर लौटा दिया जाता है। भूखे पेट रहने की अगर दो चार बार विनती किया जाता है तो भद्दी-भद्दी गाली देकर भगा दिया जाता है। लाभुकों ने डीलर पर आरोप लगाया है कि कभी भी प्रत्येक माह राशन का वितरण नहीं कर सभी अनाज को कालाबाजार में बेच दिया जाता है। दो तीन माह पर कभी कभी छिटपुट ढंग से वितरण करते भी हैं तो रुपये अधिक लेकर राशन कम दिया जाता है। इस वार्ड में अधिकतर गरीब, दिव्यांग, वृद्ध,विधवा, दलित, महादलित लाभुक हैं। लाभुकों का आरोप है कि इसकी सूचना स्थानीय प्रशासन को दिए जाने के बावजूद भी किसी प्रकार की कोई कार्रवाई नहीं होती है। जिसके विरोध में उपरोक्त लोगों ने सड़क जाम कर प्रदर्शन किया गया है। इस बाबत बीडीओ सह बीएसओ मनोज कुमार ने कहा कि सूचना पर स्टाफ को भेजकर दुकान की जांच पड़ताल कराई जा रही है गलत पाए जाने पर कार्रवाई की जाएगी। दुकान पर वितरण कार्य शुरू कर दिया गया है।