Kosi Live-कोशी लाइव सहरसा।अनावश्यक घूमने पर सख्ती से निपटने का एसपी ने दिया निर्देश - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Wednesday, April 1, 2020

सहरसा।अनावश्यक घूमने पर सख्ती से निपटने का एसपी ने दिया निर्देश

सहरसा। लॉकडाउन का उल्लंघन कर रहे लोगों की अब खैर नहीं है। ऐसे लोगों के खिलाफ पुलिस सख्ती से निपटेगी। अनावश्यक रूप से बाजार या गांव में घूम रहे लोगों की बाइक, कार, साइकिल को जब्त कर प्राथमिकी भी दर्ज की जाएगी। पिछले दो दिन से लॉकडाउन के उल्लंघन की मिल रही शिकायत के बाद एसपी राकेश कुमार ने सभी थानाध्यक्षों को इस दिशा में कार्रवाई करने का निर्देश दिया है। उन्होंने कहा कि बाजार में घूमने वाले से आवश्यक पूछताछ के बाद यदि लगे कि वह अनावश्यक रूप से निकला है तो उसे गिरफ्तार कर उसके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की जाय।

----

वाहनों पर चिपका लेते हैं ऑन ड्यूटी

----

लॉकडाउन का उल्लंघन कर रहे लोग वाहनों पर ऑन ड्यूटी चिपकाकर आसानी से घूम रहे हैं। कई ऐसे दुकानदार भी हैं जो आवश्यक सेवा के नाम पर वाहन से मटरगश्ती करते रहते हैं। यही नहीं कई प्राइवेट वाहनों पर सरकारी सेवा भी लिखा रहता है। जिसे पुलिस पूछती भी नहीं है। खासकर थाना चौक, डीबी रोड, पंचवटी, गंगजला में बाइकर्स गैंग लॉक डाउन का उल्लंघन करने से परहेज नहीं कर रहे हैं। पुलिस भी सख्ती से पूछताछ नहीं कर रही है। जिस कारण स्थिति खराब होती जा रही है।

----

सुबह पांच बजे लग जाती है भीड़

----

लॉकडाउन में सब्जी मंडी के पास सुबह पांच बजे से आठ बजे तक हजारों लोगों की भीड़ लगी रहती है। सब्जी के थोक दुकानदार के आड़ में मंडी के अन्य दुकानदार भी दुकान खोलकर सामान बेचते नजर आते हैं। लोगों की मानें तो लॉकडाउन में शारीरिक दूरी का पालन करना अनिवार्य है। लेकिन सब्जी मंडी में लगने वाली भीड़ को इससे कोई लेना देना नहीं रहता है। गांधी पथ, पूर्वी रेलवे कॉलोनी, नया बाजार में शाम होते ही लोग घरों के समीप बाहर निकलकर भीड़ बनाए दिख जाते हैं।