सहरसा। सोनवर्षा-बैजनाथपुर मुख्य मार्ग पर शाहपुर नवटोलिया के बीच गुरुवार की रात हथियारबंद बाइक सवार बदमाशों ने एक सब्जी व्यापारी और पिकअप चालक के साथ मारपीट कर एक हजार नकदी समेत मोबाइल लूट लिया।
मधेपुरा जिला के चौसा थाना अंतर्गत तिलहारी गांधी टोला निवासी पीड़ित सब्जी व्यापारी शरण सिंह ने बताया कि गुरुवार को भी एक पिकअप वैन पर सब्जी लादकर सहरसा मंडी में बेचने जा रहा था कि शाहपुर-नवटोलिया के बीच दो बाइक पर सवार आधा दर्जन हथियारबंद बदमाशों ने पिकअप वैन को ओवरटेक कर रोका और चालक मो. इंसुल के साथ हथियार के बट से पीट दिया और उनसे एक हजार रुपए और मोबाइल छीनकर फरार हो गया। पीड़ित व्यापारी ने बताया कि सहरसा स्थित सब्जी मंडी जाने पर इसकी भी जानकारी हुई कि घटनास्थल के समीप एक और व्यापारी से बदमाशों ने मोबाइल लूट लिया। इस मामले में थानाध्यक्ष मो. अकमल हुसैन ने बताया कि उन्हें इन घटनाओं के बारे में कोई सूचना नहीं है। बावजूद इसके मामले की जांच कर ठोस कार्रवाई की जाएगी।