सहरसा। राशन कार्डधारी एवं जनधन योजना खाता में केंद्र सरकार द्वारा पांच सौ रुपये एवं राशनकार्ड धारियों के खाते में बिहार सरकार द्वारा भेजी गई हजार रुपये की निकासी को लेकर बैंकों में उमड़ रही भीड़ को नियंत्रित करने के उद्देश्य से पुलिस ने शारीरिक दूरी का पालन कराया।
दरअसल रुपये की खातिर उमड़ रही भीड़ बैंक प्रबंधन नियंत्रित करने में नाकाम साबित हो रहा था। जिसके बाद पुलिस ने इसे गंभीरता से लेते हुए सलखुआ प्रखंड मुख्यालय बाजार स्थित बैक ऑफ इंडिया की शाखा में घेरा बनवाकर शारीरिक दूरी का पालन कराया। इस दौरान थानाध्यक्ष एम. रहमान ने ग्राहकों को कोरोना वायरस के संक्रमण से बचने के लिए शारीरिक दूरी का पालन करने की नसीहत दी। वहीं महिला पुलिस बल की जवान स्नेहा वर्मा, गुडि़या कुमारी, सामाजिक कार्यकर्ता मिथिलेश जायसवाल, रौशनदेव सहनी, उमा सहनी आदि ने ग्राहकों का निकासी फार्म भरकर उनलोगों की मदद की। मौके पर मुखिया संघ के प्रखंड अध्यक्ष मिथिलेश विजय सहित अन्य पुलिस कर्मी मौजूद थे।