दिल्ली के निजामुद्दीन से तब्लीगी जमात के मरकज में शामिल होने के बाद वहां से लौटे दो लोग सहरसा में मिले हैं। इन्हें जिला प्रशासन ने अस्पताल में क्वारंटाइन (भर्ती) किया है। दोनों लोगों की थर्मल स्क्रीनिंग की गई और सैम्पल लिया गया।
डीएम कौशल कुमार ने शनिवार को कहा कि तब्लीगी जमात से आए दोनों लोगों का सैम्पल लेकर जांच के लिए डीएमसीएच दरभंगा भेजा गया है। सहरसा में किए गए थर्मल स्क्रीनिंग में दोनों को ठीकठाक पाया गया।
उन्होंने कहा कि मुख्यालय से सहरसा जिले के सात लोगों के तब्लीगी जमात में शामिल होने की सूचना मिली थी। जमात से आए दो लोग मिल गए हैं। अन्य पांच लोगों की खोजबीन की जा रही है। उन्होंने कहा कि घबराने की कोई जरूरत नहीं है। कोरोना संक्रमण से बचाव के लिए इलाज कराने की जरूरत है। लोगों से अपील है कि बाहर या तब्लीगी जमात से आए लोगों की प्रशासन को जानकारी देते उसकी जांच करवाएं। चिकित्सीय सलाह को माने। उन्होंने कहा कि अब तक की जांच में बाहर से जिले आए लोगों में कोरोना पॉजिटिव मरीज नहीं मिले हैं।