गया में युवतियों के आपत्तिजनक वीडियो वायरल मामले में नया मोड़, इंटर की छात्रा ने लगाया दुष्कर्म का आरोप
गया। गया जिले में युवतियों के आपत्तिजनक वीडियो वायरल होने के मामले ने नया मोड़ ले लिया है। इस मामले में इंटर की एक नाबालिग छात्रा ने आरोपी रेहान अंसारी पर दुष्कर्म का आरोप लगाया है। पीड़िता के भाई की शिकायत पर बांके बाजार थाना में पॉक्सो और SC/ST एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी पर कई युवतियों के साथ आपत्तिजनक वीडियो बनाने और उन्हें सोशल मीडिया पर वायरल करने का आरोप है। जांच के दौरान पुलिस के हाथ कुछ वीडियो लगे हैं, जिनमें से एक वीडियो में आरोपी नाबालिग छात्रा के साथ दिखाई दे रहा है। बताया जा रहा है कि वीडियो किसी पहाड़ी क्षेत्र में शूट किए गए थे। मामले की गंभीरता को देखते हुए FSL टीम भी जांच में जुट गई है।
फिलहाल आरोपी फरार है। पुलिस को आशंका है कि गिरफ्तारी से बचने के लिए वह दिल्ली या मुंबई भाग गया है। उसकी तलाश में विशेष पुलिस टीमें संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी कर रही हैं।
किराए के कमरे में रहकर पढ़ाई करती थी छात्रा
जानकारी के मुताबिक, पीड़िता इंटर की छात्रा है और किराए के मकान में रहकर पढ़ाई करती थी। उसके माता-पिता दिल्ली में काम करते हैं, जबकि उसका भाई गांव में रहता है। शुरुआत में छात्रा मामला दर्ज कराने से हिचक रही थी, लेकिन वीडियो वायरल होने की जानकारी मिलने के बाद भाई के समझाने पर उसने शिकायत दर्ज कराने का निर्णय लिया।
पुलिस का कहना है कि वायरल सामग्री केवल एक छात्रा तक सीमित नहीं है, बल्कि कई युवतियों से जुड़े वीडियो सामने आए हैं। सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है।
मोमोज और मोबाइल दुकान चलाता है आरोपी
बांके बाजार थानाध्यक्ष पवन कुमार ने बताया कि आरोपी मोमोज और मोबाइल की दुकान चलाता है। साथ ही वह सोशल मीडिया पर रील बनाकर भी सक्रिय रहता था। उसके सोशल मीडिया अकाउंट पर विभिन्न युवतियों के साथ कई वीडियो मिले हैं, जिनकी जांच की जा रही है।
पुलिस ने बताया कि सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने की सूचना मिलते ही जांच शुरू कर दी गई थी। अब पीड़िता के भाई के लिखित आवेदन पर केस दर्ज कर लिया गया है। वायरल वीडियो को सबूत के तौर पर सुरक्षित रखा गया है।
इलाके में बढ़ाई गई सुरक्षा
घटना के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश देखा जा रहा है। बड़ी संख्या में लोग आरोपी की जल्द गिरफ्तारी और कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। स्थिति की संवेदनशीलता को देखते हुए इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।
शेरघाटी डीएसपी-1 संदीप कुमार ने बताया कि नाबालिग से जुड़े मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाने और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है।