कृषि मंत्री डा. प्रेम कुमार ने कहा है कि अररिया में सड़क पर एक सिपाही को उठक-बैठक कराने के मामले में जिला कृषि पदाधिकारी मनोज कुमार के खिलाफ विभागीय जांच कराने का आदेश दे दिया गया है। उन्होंने कहा कि इस मामले में सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो के आधार पर जिला कृषि पदाधिकारी से जवाब तलब किया गया है। मंत्री ने कहा है कि कोरोना महामारी के बीच राज्य में बिहार पुलिस के जवान लगातार सड़कों पर दिन-रात मेहनत कर रहे हैं, ऐसे में पुलिस के जवानों का सम्मान करना सरकार की प्राथमिकता है। इस परिस्थिति में अररिया के जिला कृषि पदाधिकारी के संबंध में जिस तरह की खबरें आई है, यदि सत्य है, तो वह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। जांच रिपोर्ट आने के बाद संबंधित अधिकारी पर कड़ी कार्रवाई की जायेगी। पूर्णिया के संयुक्त निदेशक (शष्य), को जाँच का आदेश दिया गया है।
बिहार: अररिया में जिला कृषि पदाधिकारी की गाड़ी रोके जाने और लॉकडाउन का पास मांगे जाने पर बुजुर्ग चौकीदार से पुलिस अधिकारी की मौजूदगी में करवाई गई उठक-बैठक। यह विडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।#lockdown #COVID19outbreak
हालांकि, कई लोगों का कहना है कि चौकीदार ने उनकी गाड़ी को रोककर पास दिखाने को कहा तो जिला कृषि पदाधिकारी आग-बबूला हो गए। हिन्दुस्तान इस वायरल वीडियो की सत्यता प्रमाणित नहीं करता है लेकिन सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में यही सब कुछ दिख रहा है। इस संबंध में जिला कृषि पदाधिकारी मनोज कुमार से उनके सरकारी मोबाइल नंबर पर संपर्क करने का प्रयास किया गया तो एक बार फोन उठाकर उन्होंंने मीटिंग में होने की बात कहकर दो मिनट बाद बात करने कहा। इसके बाद लगातार फोन किया जाता रहा लेकिन फोन नहीं उठाया।