बिहार में मंगलवार को 13 नए कोरोना के मरीज सामने आए। इस तरह राज्य में अब कुल कोरोना संक्रमित मरीजों की संख्या 126 हो गई है। स्वास्थ्य विभाग के प्रधान सचिव संजय कुमार ने बताया कि बक्सर के 4, पटना के एक, मुंगेर के 7 मरीज इनमें शामिल हैं। कोरोना पॉजिटिव मरीज के संपर्क में आने से इनकी टेस्ट पॉजिटिव आई है। इसके साथ ही रोहतास से भी एक मामला सामने आया है। इस मरीज के सम्पर्क का ब्योरा प्राप्त किया जा रहा है।
मुंगेर के जमालपुर में कोरोना के 7 नए पाजिटिव मामले सामने आए हैं। इससे पहले यहां 13 पाजिटिव मिले थे, जिनका इलाज अलग-अलग अस्पतालों में हो रहा है। जमालपुर में अब तक कुल 20 पाजिटिव हो गए। मुंगेर शहर के सात अन्य पाजिटिव का इलाज भागलपुर में हुआ था, जिनमें से एक की मौत हो गई थी। छह की रिपोर्ट निगेटिव आने के बाद डिस्चार्ज कर दिया गया।
स्वास्थ्य विभाग के प्रधान सचिव संजय कुमार ने बताया कि दुबई से लौटा कोरोना का मरीज अब तक कुल 26 लोगों को संक्रमित कर चुका है। इनमें बिहारशरीफ के सदर अस्पताल का डॉक्टर भी शामिल है। इसी मरीज के कारण पटना में भी एक पॉजिटिव मरीज सामने आया है, जो इसका ससुर बताया जा रहा है। पटना सिटी में सुल्तानगंज थाना इलाके के मेवा लाल साव लेन में यह मरीज सामने आया था।
खाजपुरा की कोरोना पीड़िता की रिपोर्ट निगेटिव
एम्स, पटना में इलाजरत खाजपुरा निवासी 32 वर्षीय कोरोना पॉजिटव महिला की दूसरी जांच रिपोर्ट सोमवार को निगेटिव आई। एक दिन पूर्व रिपोर्ट पॉजिटव थी। जांच में 24 से 48 घंटे में ही अंतर पाए जाने से इस पर सवाल उठने लगे हैं। एक दिन पूर्व ही वैशाली के एक व्यक्ति के पॉजिटिव होने और उसकी मृत्यु के बाद जांच निगेटिव पाए जाने का मामला सामने आया था।