कोशी लाइव_नई सोच नई खबर।
सहरसा। सोनवर्षा-बैजनाथपुर मुख्य मार्ग पर शाहपुर गांव के समीप सोमवार दिन के उजाले में एक मोटरसाइकिल पर सवार तीन बदमाशों ने सोनवर्षा बीडीओ की गाड़ी रोककर चालक के साथ मारपीट कर बीडीओ को पिस्टल दिखाकर धमकी देने से सनसनी फैला दी।
इस बाबत बीडीओ सोनवर्षा कैलाशपति मिश्र ने बताया कि सरकारी वाहन से सहरसा से प्रखंड मुख्यालय सोनवर्षा आने के क्रम में शाहपुर गांव के समीप एक लाल रंग की 6595 नंबर की मोटरसाइकिल पर तीन युवक सवार होकर जा रहे थे। जिसे देख बीडीओ ने अपनी गाड़ी रोककर तीनों सवार युवक से पूछताछ कर हिदायत देते हुए लॉकडाउन का पालन करने के लिए कहा। इसपर तीनों युवक बाइक पर सवार होकर आगे निकले और फिर थोड़ी देर बाद वापस आकर बीडीओ की गाड़ी को ओवरटेक कर गाड़ी के चालक संजय कुमार से मारपीट करने लगे। जब बीडीओ ने उसे मनाकर चालक से बाइक की चाभी लेने की बात कही तो एक युवक ने अपने कमर से पिस्टल निकालकर लहराते हुए बीडीओ को धमकी दी। इसी बीच गांव की तरफ से आ रहे एक व्यक्ति को देख तीनों बदमाश मोटरसाइकिल पर सवार होकर डुमरा चौक की तरफ भाग खड़े हुए। घटना की जानकारी बीडीओ कैलाशपति मिश्र ने सोनवर्षा थाना पुलिस को दी। इसके बाद सोनवर्षा थानाध्यक्ष मो. अकमल हुसैन घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की छानबीन में जुट गए।
