Kosi Live-कोशी लाइव मधेपुरा।विवाद में युवक को मारी गोली - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Thursday, January 23, 2020

मधेपुरा।विवाद में युवक को मारी गोली

कोशी लाइव_नई सोच नई खबर।

मधेपुरा। दो पक्षों के बीच लंबे समय चल रहे विवाद में एक पक्ष की ओर से गोलीबारी की गई। गोली लगने से गांव का ही युवक रंजीत ऋषिदेव गंभीर रूप से जख्मी हो गया। जख्मी को गंभीर स्थिति में सदर अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती कराया गया। गोलीबारी की घटना सदर थाना क्षेत्र के बधुमा गांव में बुधवार के दोपहर में हुई। गोलीबारी की घटना को लेकर पुलिस ने चार लोगों को तत्काल गिरफ्तार किया। वहीं गोली चलाने का आरोपी फरार बताया जा रहा है। युवक को गोली लगने की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में आक्रोशित लोगों ने मधेपुरा-मुरलीगंज मुख्य मार्ग को बुधमा चौक के समीप जाम कर प्रदर्शन करना शुरू कर दिया। सड़क जाम कर प्रदर्शन कर रहे जख्मी युवक रंजीत ऋषिदेव के परिजनों ने कहा कि यह घटना पुलिस प्रशासन के लापरवाही से हुई है। पुलिस अधीक्षक को इस मामले से पूर्व में ही ग्रामीणों के द्वारा अवगत कराया जा चुका था। लेकिन पुलिस प्रशासन ने गांव में व्याप्त तनाव को गंभीरता से नहीं लिया। जानकारी के अनुसार बुधवार को सदर थाना क्षेत्र के बधुमा गांव में अपनी जमीन में लगा बांस मनोज ठाकुर द्वारा काट कर रखा था। इसी दौरान दूसरे पक्ष के अशोक यादव, मिथिलेश कुमार, सचेन कुमार, अमरेश कुमार, रामचंद्र यादव उर्फ घुटन यादव ने मौके पर पहुंच कर बांस काटने को लेकर आपत्ति जताते हुए विवाद करने लगा। विवाद बढ़ने पर अशोक यादव के पक्ष से गोलीबारी की घटना हुई। गोलीबारी के दौरान गांव के ही युवक रंजीत ऋषिदेव के जांघ में गोली लग गई। गोली लगते ही आसपास में भगदड़ का माहौल बन गया। स्थानीय लोगों के सहयोग तत्काल जख्मी को उपचार के लिए सदर अस्पताल लाया गया। वहीं गोलीबारी की घटना के विरोध में स्थानीय लोगों के द्वारा सड़क जाम कर यातायात बाधित कर दिया गया। जाम की सूचना मिलते डीएसपी वशी अहमद, सीओ बिरेंद्र कुमार, भार्राही ओपी अध्यक्ष सहित पुलिस बल के जवानों ने आक्रोशित लोगों से बात की। तत्काल कार्रवाई का भरोसा दिया। डीएसपी के आश्वासन पर लोगों ने सड़क जाम को खत्म किया। वहीं गोलीबारी की घटना में शामिल मिथिलेश कुमार, सचेन कुमार, अमरेश कुमार और रामचंद्र यादव उर्फ घुटन को भार्राही पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। वहीं गोली चलाने का आरोपी अशोक यादव फरार बताया जा रहा है।