Kosi Live-कोशी लाइव BIHAR NEWS:भागलपुर में दो किशोरियों की संदेहास्पद परिस्थिति में मौत पर मची अफरातफरी, सदमे में परिजन - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Saturday, January 25, 2020

BIHAR NEWS:भागलपुर में दो किशोरियों की संदेहास्पद परिस्थिति में मौत पर मची अफरातफरी, सदमे में परिजन

कोशी लाइव_नई सोच नई खबर।

भागलपुर के नवगछिया स्थित रंगरा थाना क्षेत्र के तिनटंगा दियारा के झल्लू दास टोला में गुरुवार देर रात दो किशोरियों की मौत संदेहास्पद स्थिति में हो गई। घटना के बाद गांव में अफरातफरी का माहौल कायम हो गया।
घटना के सही कारणों का पता नहीं चल पाया है। एसडीपीओ ने शुक्रवार को बताया कि अनुमंडल अस्पताल से पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। बेसरा सुरक्षित रख लिया गया है, जिसे पटना जांच के लिए भेजा जाएगा। 
परिजनों ने बताया कि एक किशोरी तिनटंगा दियारा के गजाधर मंडल की 13 वर्षीय पुत्री प्रेमलता कुमारी और दूसरी फलका थाना क्षेत्र के गोपालपट्टी गांव के ढोराय मंडल की 14 वर्षीय पुत्री पूजा कुमारी थी। रिश्ते में पूजा की प्रेमलता कुमारी मौसी लगती थी। पूजा कुमारी अपनी बहन के यहां झल्लू दास टोले में दो दिन पहले आई थी। घटना के बारे में बताया कि गुरुवार देर रात लगभग दो बजे अचानक प्रेमलता कुमारी बेड पर दर्द से तड़पने लगी और बेड से नीचे गिर पड़ी। परिजन आनन-फानन में उसे नजदीक के चिकित्सक के पास ले गए। तब तक उसकी मौत हो गई। जब प्रेमलता की लाश लेकर परिजन घर पहुंचे तब तक पूजा कुमारी की भी स्थिति प्रेमलता जैसी हो गई।
एक बार फिर परिजन पूजा को लेकर नवगछिया जाने के लिए निकले। लेकिन गांव से बाहर जाते-जाते उसने दम तोड़ दिया। इसके बाद गांव दोनों किशोरियों के परिजनों में कोहराम मच गया और पूरी रात ग्रामीणों ने जगकर बिताया। मौत के सही कारणों का पता अब तक नहीं चल पाया है। घटना के बाद रंगरा ओपी अध्यक्ष राजकुमार सिंह गांव पहुंचे। नवगछिया एसडीपीओ प्रवेंद्र भारती भी घटनास्थल पर पहुंचे और छानबीन की। इसके बाद दोनों लाश को पोस्टमार्टम के बाद शाम में दाह-संस्कार किया गया।
एसडीपीओ ने कहा कि किशोरियों की मौत के सही कारणों का पता नहीं चल पाया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने स का इंतजार किया जा रहा है। पुलिस घटना की जांच में जुटी हुई है। 
दिनभर अटकलों का बाजार रहा गर्म
तिनटंगा दियारा में दो किशोरियों की मौत के बाद शुक्रवार को दिनभर अटकलों का बाजार गर्म रहा। कोई भूत-प्रेत का प्रकोप मान रहे तो कोई नई बीमारी फैलने की बात कहते रहे। कुछ महिलाओं ने बताया कि किशोरी गुरुवार की शाम खेत में साग तोड़ने गई थी। हो सकता है वहीं पर किसी जहरीले जीव ने काट लिया हो। वहीं परिजनों ने बताया कि दोनों ने रात में साग-रोटी खाया था। हो सकता है साग ही जहरीला रहा हो, जो दोनों की मौत का कारण बना।