कोशी लाइव_नई सोच नई खबर।
सहरसा। सौरबाजार प्रखंड क्षेत्र के चन्दौर पूर्वी पंचायत स्थित वार्ड नंबर चार में बुधवार की सुबह जमीन विवाद को लेकर दो पक्षों में जमकर मारपीट हुई। जिसमें छह व्यक्ति गंभीर रूप से जख्मी हो गए। स्थानीय लोगों के सहयोग से सभी जख्मी को इलाज के लिए पीएचसी सौरबाजार में भर्ती कराया गया। जहां प्रारंभिक इलाज के बाद सदर अस्पताल सहरसा रेफर कर दिया गया।
जख्मी के परिजनों ने बताया कि जमीन को लेकर सुरेन्द यादव एवं माधो यादव के बीच पूर्व से विवाद चल रहा है। बुधवार को माधो यादव ट्रैक्टर से विवादित जमीन की जोताई कराने लगे। जिसका विरोध दोनों पक्ष ने किया। इसी बात को लेकर मारपीट शुरू हो गई। जिसमें एक पक्ष के चंदन यादव, माधो यादव, जुलो यादव, बब्बन यादव, विपीन कुमार, अमरेन्द यादव समेत अन्य लोग जख्मी हो गये। जबकि दूसरे पक्ष के वीरेंद्र यादव, अखिलेश यादव, पिपेन यादव, संदीप कुमार, राजकुमार एवं सिटू कुमार जख्मी हो गये। पूर्व में विवादित जमीन को लेकर मुखिया, सरपंच एवं अन्य लोगों के द्वारा पंचायत भी किया गया था। जिसमें निर्णय लिया गया था कि जबतक विवादित जमीन का फैसला नहीं होता है तबतक इस विवादित जमीन पर दोनों पक्ष कोई कार्य नहीं करेंगे। लेकिन पंचायत की बात को दरकिनार करते हुए एक पक्ष द्वारा जोताई शुरू कर दी गई। इसी बात को लेकर दोनों पक्ष भिड़ गये। मामले की जानकारी मिलने पर पुलिस छानबीन में जुट गई है।
