Kosi Live-कोशी लाइव सुपौल।एक ट्रक ने दूसरे को पीछे से ठोका, चालक की हालत नाजुक - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Friday, December 20, 2019

सुपौल।एक ट्रक ने दूसरे को पीछे से ठोका, चालक की हालत नाजुक

कोशी लाइव_नई सोच नई खबर।

राघोपुर(सुपौल): एनएच 57 पर प्रखंड क्षेत्र अंतर्गत पिपराही पंचायत के धर्मपट्टी गांव में शुक्रवार की अलसुबह भपटियाही की तरफ से आ रही एक ट्रक ने आगे चल रहे 22 चक्का गिट्टी लदे ट्रक को पीछे से ठोकर मार दी। जिससे भपटियाही की तरफ से सिमराही की तरफ आ रही ट्रक के चालक मु. ईशान बुरी तरह जख्मी होकर ट्रक में ही फंस गया तथा दूसरे ट्रक का चालक ट्रक खड़ा करके भागने में सफल रहा। दोनों ट्रक के टक्कर होने से जोर की आवाज हुई। जिससे धर्मपट्टी गांव के लोग दौड़कर घटनास्थल पर पहुंचे और इसकी सूचना स्थानीय थाने को दी गई। स्थानीय लोग ट्रक में जख्मी चालक को ट्रक से निकालने का भरपूर प्रयास किया, लेकिन नहीं निकल सका। तब तक राघोपुर थाना की पुलिस की गाड़ी वहां पहुंची। ग्रामीणों और पुलिस के सहयोग से कड़ी मशक्कत के बाद घायल ट्रक चालक को ट्रक से निकाला गया। रेफरल अस्पताल सिमराही में चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद मरीज की गंभीर हालत को देखते हुए अविलंब एंबुलेंस से सदर अस्पताल रेफर कर दिया। घायल चालक की स्थिति काफी गंभीर है। पुलिस ने दोनों ट्रक को जब्त कर थाना लाया। इस संबंध में थानाध्यक्ष सरोज कुमार ने बताया कि घायल ट्रक चालक मु. ईशान उम्र 38 साल पिता मु. मोबीन पातेपुर थाना क्षेत्र के आमामोरी गांव वैशाली जिला का रहने वाला है। चिकित्सकों के मुताबिक गंभीर रूप से घायल ट्रक चालक के दोनों पैर की हड्डी टूट गई है तथा सिर और छाती में भी भीषण चोट है। इसलिए उक्त चालक की स्थिति गंभीर बनी हुई है। थानाध्यक्ष ने बताया कि घायल चालक के दुरुस्त होने पर तथा उनके द्वारा लिखित बयान देने के बाद आगे की कार्यवाही की जाएगी।