Kosi Live-कोशी लाइव सुपौल।कोशी के गांव में अजगर का बसेरा,दहशत में लोग - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Friday, December 20, 2019

सुपौल।कोशी के गांव में अजगर का बसेरा,दहशत में लोग

कोशी लाइव_नई सोच नई खबर।

सुपौल। नेपाल से भाग व भटक कर आये जंगली जीव भारतीय भू-भाग में बसे गांव के लिए आफत बन गए हैं। कभी हाथी तो कभी और कोई जानवर के उत्पात से इन गांवों के लोग तो त्रस्त हैं ही, फिलहाल यहां के लोग अजगर के खौफ के साये में जीने को मजबूर हैं। अंतरराष्ट्रीय सीमा से लगे गांव में लोगों के खेत से लेकर घर के टाट पर तक अजगर देखने को मिल जाते हैं। यह अलग बात है कि अभी तक किसी पर अजगर द्वारा हमला नहीं किया गया है। प्रभावित ग्रामीणों की मानें तो पहले कभी कभार ही इस इलाके में अजगर देखने को मिलता था। लेकिन हाल के कुछ वर्षों में अक्सर इससे रूबरू होना पड़ रहा है। ऐसा प्रतीत हो रहा है कि यहां अजगरों का बसेरा हो गया है।
कोशी में बहकर आते हैं अजगर
इंडो-नेपाल सीमा से लगे गांव के ग्रामीणों का कहना है कि अजगर नेपाल के जंगली रास्ते से तो आते ही हैं, कोशी नदी में बहकर भी काफी संख्या में आ रहे हैं। मौजूदा समय में भारतीय भू-भाग में नेपाल के जंगल से अजगर आने की जो स्थिति है उससे देख ऐसा लग रहा है कि यह इलाका एक दिन अजगरों का गांव न बन जाए। पड़ोसी देश से अजगर के आने की बढ़ती संख्या को कम किया जाय इस दिशा में किसी स्तर पर कोई ठोस पहल भी नहीं की जा रही है।
-----------------------------------------
जगंल में छोड़ दिया जाता अजगर
ग्रामीणों की मानें तो जब अजगर कहीं मिलता है तो वन विभाग को सूचना दी जाती है। वन विभाग के आदमी उसे पकड़ पटना भेज देते हैं अथवा जंगल में छोड़ देते हैं। जिस अजगर को जंगल में छोड़ दिया जाता है वह पुन: कुछ दिनों में घूमते-घूमते आ जाता है। अजगर के चलते उक्त क्षेत्र के लोग काफी डरे-सहमे रहते हैं।
----------------------------------------------------
केस स्टडी-1
30 नवंबर को करजाईन थाना क्षेत्र के भगवानपुर पंचायत के साहेवान गांव के एक आवासीय परिसर में उस वक्त अफरा-तफरी मच गई जब विशालकाय अजगर दिखाई पड़ा। अजगर उस आवासीय परिसर के बांस से बने टाट पर लटका हुआ था। ग्रामीणों की सूचना पर पर वहां वन विभाग की टीम पहुंची और काफी मशक्कत के बाद अजगर को पकड़कर ले गई।
-----------------------------------------------
केस स्टडी-2
25 नवंबर को भीमनगर, वार्ड नंबर-15 स्थित इसराईल अंसारी के खेत में एक अजगर दिखाई पड़ा। तत्पश्चात लोगों ने शोर मचाया और वन विभाग को सूचना दी गई। लेकिन काफी देर बाद भी वन विभाग की टीम नहीं पहुंची तो ग्रामीणों ने हिम्मत दिखाते हुए किसी तरह उसे पकड़ बोरी में रख दिया। बाद में वन विभाग के कर्मी पहुंचे और अजगर को अपने कब्जे में लिया।
----------------------------------------------------------------
केस स्टडी-3
17 अक्टूबर भीमनगर, वार्ड नंबर-11 स्थित रामजानकी मंदिर के पीछे के धान के खेत में लगभग पचास किलोग्राम का अजगर सांप मिला। जो एक कुत्ता को निगल गया। खेत में धान काट रही महिला ने जब अजगर को देखा तो शोर मचाई। बाद में ग्रामीणों द्वारा वन विभाग को इसकी सूचना दी गई।