कोशी लाइव_नई सोच नई खबर।
सहरसा। महिषी थाना क्षेत्र के भागवतपुर नरैया टोला निवासी संजय पासवान की 37 वर्षीय पत्नी उषा देवी की हत्या कर शव को गायब करने की सूचना को महिषी थानाध्यक्ष ने गंभीरता से लेते हुए शव की तलाश के लिए रविवार जिला से स्वान दस्ता को बुलाया। प्रशिक्षित स्वान रूचि की मदद से शव की तलाश में जुटी महिषी थाना पुलिस।
ज्ञात हो कि शनिवार की देर शाम विवाहिता के भाई पस्तवार निवासी मिथुन पासवान द्वारा अपनी बहन की हत्या उसके ससुराल नरैया टोला में करने की शिकायत की गई थी। सूचना के आलोक में पहले तो थानाध्यक्ष के नेतृत्व में शनिवार को रात भर शव की तलाश की गई लेकिन जब शव नहीं मिला तो शव की तलाश में मुकेश कुमार के साथ स्वान दस्ता बुलाया गया। प्रशिक्षित स्वान रूचि द्वारा मनुआ धार के किनारे जंगलों में शव की तलाश जारी है। समाचार प्रेषण तक शव की तलाश में पुलिस को सफलता नहीं मिल सकी। इस दौरान लोगों की भीड़ लगी रही।
