कोशी लाइव_नई सोच नई खबर।
दिल्ली के हृदयविदारक घटना में जिले के सात लोगों की मौत की खबर मिली है। अभी भी इस घटना में लापता हुए कई लोगों से संपर्क नहीं हो पाया है। जिला मुख्यालय से सटे नरियार गांव के छह लोगों की मौत की खबर से मातमी सन्नाटा पसर गया है। ढ़ांढस देने पहुंचे लोगों की आंखे ही नम हो जा रही है।
नरियार में लोगों ने बताया कि दिल्ली की घटना की जानकारी सुबह फोन पर मिली। उसके बाद वे अपनों की जानकारी लेने में जुट गए। 2 बजे के बाद मृतकों की जानकारी मिलने लगी। ग्रामीणों के मुताबिक समय बीतने के साथ हताहतों की संख्या बढ़ते जा रही है। बताया जा रहा है कि जिस इमारत में आग लगी उसमें नरियार के रहने वाले जुबैर की जैकेट फैक्ट्री भी थी। जिसमें इस गांव सहित आसपास के दर्जनों लोग काम करते थे। कई के बारे में अभी भी जानकारी नहीं है। शाम तक नरियार के छह लोगों के घटना में मारे जाने की खबर मिल चुकी है। जबकि गांव के ही एक रिश्तेदार नवहट्टा के एक व्यक्ति की भी मौत हो गई है।
फैक्ट्री मालिक जुबैर के पिता मो. हसन ने बताया कि सुबह 8 बजे उन्हें आग लगने की जानकारी मिली। लेकिन उसके बाद से उनका पुत्र से कोई संपर्क नहीं हो पा रहा है। उन्होंने बताया कि उनके पुत्र की फैक्ट्री इमारत की चौथी मंजिल पर है। इस घटना में मृतकों के बारे में जानकारी नहीं मिल रही है।
आग लगने की सूचना मिलने पर लापता लोगों के कई परिजन दिल्ली के लिए रवाना हो गए। फैक्ट्री में आग लगने की घटना में मो. खुर्शीद के पुत्र मो. फैजल का भी कोई पता नहीं चल रहा था। पिता ने बताया कि सुबह 4 बजे दिल्ली में रह रहे भांजा को फैजल ने आग लगने की सूचना देकर जान बचाने की गुहार लगायी थी। लेकिन शाम में जानकारी मिली कि फैजल की भी मौत हो गई है। मृतक ग्यासुद्दीन की बहन सबाया परवीन ने बताया कि छह भाई बहनों में मृतक दोनों बड़ा था। घटना की जानकारी मिलने के बाद पिता व बहनोई दिल्ली गए हैं। उन्होंने बताया कि पिता के पैर में परेशानी है लिहाजा भाई की कमाई से परिवार का भरण पोषण होता था।
वहीं मृतक सजीम उर्फ इम्तियाज के परिजनों का रो रो कर बुरा हाल है। परिजनों के मुताबिक सजीम की कमाई पर ही पूरा परिवार निर्भर है। चार बेटी में एक की शादी हो चुकी है जबकि तीन की अभी शादी होनी है। एक बेटा छोटा है जो अभी पढ़ाई कर रहा है। मृतक मो. संजार के परिजनों के मुताबिक उसकी कमाई पर ही पूरा परिवार निर्भर था। पिता छोटा मोटा काम कर रहा था। घटना की जानकारी मिलने के बाद सभी दिल्ली गए हैं। वहीं रासिद के छोटे भाई ने बताया कि पिता घटना की जानकारी मिलने के बाद दिल्ली गए हैं। संजार व रासिद के परिजनों का रो रोकर बुरा हाल था। मो. अफजल की नानी रुबैदा खातून ने बताया कि सुबह से अफजल के बारे में जानकारी नहीं मिल रही है। हालांकि शाम होने के बाद उसकी पुष्टि हो गई है। नरियार के पूर्व सरपंच दिनेश सिंह मंटू व मो. सिकंदर द्वारा लोगों को सहायता की जा रही थी।
अफसाद की मौत से नवहट्टा में मातम: नवहट्टा से सं.सू. के दिल्ली में हुई भीषण अग्निकांड में नवहट्टा पश्चिम पंचायत निवासी 23 वर्षीय मो. अफसाद की जलकर मौत हो गई। बीते 6 माह से वह जैकेट बनाने वाली फैक्ट्री में कार्य करता था। बीते शनिवार रात पत्नी मशीरा खातून से फोन पर बात कर सुबह गांव आने के लिए ट्रेन पकड़ने की बात कहते जरुरत के सामान लाने का आश्वासन दिया था। पति की मौत संबधी जानकारी मिलते ही पत्नी बेसुध हो अपने गोदी में दुधमुंहे बेटी को लेकर चीत्कार कर रही हैं। शनिवार की रात में पति के गांव आने की खबर से खुश हो रही पत्नी को सुबह जलकर मौत से परिजनों पर दुख का पहाड़ टूट पड़ा।
शव लाने की व्यवस्था में जुटा प्रशासन: दिल्ली से नरियार व अन्य जगहों पर शव लाने की व्यवस्था में प्रशासन जुट गया है। लोगों को दिल्ली स्थित बिहार भवन से यह सुविधा मिलेगी।
