कोशी लाइव_नई सोच नई खबर।
सरौनी कला मुखिया के पति राजीव कुमार गुप्ता की हत्या मामले में पुलिस ने पंचायत के सरपंच कुलेश्वर मंडल को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने दावा किया है कि हत्या की घटना में अप्राथमिकी आरोपी रहे सरपंच ने साजिशकर्ता की भूमिका निभायी है।
इस घटना में मुखिया बेबी कुमारी के आवेदन पर नवीन मंडल, मुकेश कुमार मुन्ना, बंटी मेहरा सहित पांच नामजद और दस अज्ञात को आरोपित किया गया है। घटना के बाद से सभी नामजद फरार चल रहे हैं। मुखिया के पति राजीव गुप्ता की हत्या 14 दिसंबर की रात गांव में ही तपेश्वरी यादव के यहां से भोज खाकर लौटने के क्रम में मुसहरी टोला में कर दी गयी थी।
हत्या का कारण ग्रामीण राजनीतिक, रंगदारी नहीं देने और जबरन योजना की ठेकेदारी लेने की मंशा रखने वालों का विरोध करना बताया गया।एसडीपीओ सीपी यादव ने बताया कि पुलिस जांच में सरौनी कला के सरपंच कुलेश्वर मंडल के हत्या की साजिश रचने में संलिप्त रहने का खुलासा हुआ है। थानाध्यक्ष अखिलेश कुमार ने बताया कि कुलेश्वर मंडल को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।
