कोशी लाइव_नई सोच नई खबर।
सहरसा। सिमरीबख्तिारपुर स्थित विवाह भवन में 11 दिसंबर को आयोजित एक शादी समारोह में लाइसेंसी हथियार के साथ दो युवकों द्वारा तस्वीर वायरल करना शस्त्र लाइसेंस धारक को महंगा पड़ गया। एसपी ने दोनों शस्त्र के लाइसेंस को रद करने की अनुशंसा संबंधित जिले के जिला पदाधिकारी से की है।
जानकारी के अनुसार शादी समारोह को हथियार के साथ खींची गई तस्वीर को दियारा की तस्वीर बताकर वायरल कर दिया गया था। जिसके बाद हरकत में आई पुलिस ने मामले की छानबीन शुरू की। छानबीन के दौरान दोनों युवक तक पुलिस पहुंच गई। तब पता चला कि खगड़िया जिला के मोरकहाी निवासी मनोज कुमार एवं लखीसराय जिला के मेदनी चौक निवासी आइटीबीपी जवान सौरव कुमार का हथियार था। जिस हथियार को लेकर उनलोगों ने तस्वीर खींच ली थी और उसे सोशल मीडिया पर डाल दिया गया था। दोनों हथियार के लाइसेंसी रहने की बात सामने आने पर एसपी राकेश कुमार ने इस मामले में खगड़िया एवं लखीसराय के जिला पदाधिकारी को पत्र भेजकर लाइसेंस रद करने की अनुशंसा की है। उन्होंने कहा कि जिनके नाम से शस्त्र लाइसेंस रहता है सिर्फ वही शस्त्र अपने पास रख सकते हैं। शस्त्रों के प्रदर्शन पर भी मनाही है। लेकिन दोनों शस्त्र लाइसेंस धारकों ने अनुज्ञप्ति के नियम का उल्लंघन किया है जिस कारण दोनों के लाइसेंस को रद करने की अनुशंसा संबंधित डीएम से की गई है।
