कोशी लाइव_नई सोच नई खबर।
जिले में लगातार हो रही हत्या, लूट, डकैती आदि घटनाओं के विरोध में जिला मुखिया संघ ने शहर में विशाल विरोध मार्च निकाला। आपराधिक घटनाओं पर भारी आक्रोश जताते हुए जनप्रतिनिधियों ने पुलिस के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। संघ के प्रतिनिधि मंडल ने जिले में आपराधिक घटनाओं पर अंकुश लगाने समेत आठ सूत्रीय मांगों का ज्ञापन डीएम को सौंपा।
प्रतिनिधि मंडल ने अपराध पर अंकुश नहीं लगने की स्थिति में पांच जनवरी को मधेपुरा आगमन के दौरान सीएम के समक्ष इस मुद्दे को रखने की बात कही। जिला मुखिया संघ के बैनर तले पंचायतों के जनप्रतिनिधि गुरुवार को कला भवन परिसर में एकत्रित हुए। हत्या, लूट, डकैती आदि घटनाओं और शराब की बिक्री के विरोध में जनप्रतिनिधियों ने विरोध मार्च शुरू किया।
विरोध मार्च जयपालपट्टी चौक, कर्पूरी चौक, सुभाष चौक, कॉलेज चौक, वीपी मंडल चौक होते हुए समाहरणालय पहुंच कर संपन्न हुआ। विरोध मार्च के दौरान लोगों ने पुलिस के खिलाफ नारेबाजी करते हुए एसपी का तबादला करने की मांग की। विरोध मार्च में शामिल लोगों ने कहा कि बेखौफ अपराधी आपराधिक घटनाओं को अंजाम देने के साथ ही शराब का धंधा कर रहे हैं। हरदिन हो रही आपराधिक घटनाओं के कारण आमलोगों में दहशत की स्थिति बन गयी है।
विरोध मार्च में शामिल लोगों ने कहा कि नरदह पंचायत के मुखिया प्रतिनिधि अनिल यादव और सरौनी कला के मुखिया प्रतिनिधि राजीव कुमार गुप्ता की उनकी ही पंचायत में नृशंस हत्या कर दी गयी थी। इन घटनाओं के बाद जिले के मुखिया अपने घरों से निकलने में डरते हैं। पिछले एक सप्ताह में ही नौ बड़ी आपराधिक घटनाओं को अंजाम दिया जा चुका है। हालत यह है कि मुरलीगंज में पुलिस को गोली मारी जा चुकी है। शहर के भीरखी में रेड करने गए कमांडो पर कातिलाना हमला किया जा चुका है।
जिले में हत्या और लूट की दर्जनों घटनाएं पुलिस की नाकामी का प्रमाण हैं। उन्होंने कहा कि एक तरफ अपराधियों के सामने पुलिस- प्रशासन लाचार है दूसरी ओर थाने के अंदर पंचायत प्रतिनिधियों को अपमानित किया जाता है। मुखिया संघ ने कहा कि उनकी आठ सूत्रीय मांगों को यदि गंभीरता से नहीं लिया गया तो वे पांच जनवरी को मुख्यमंत्री के सामने अपनी बात रखेंगे।
विरोध मार्च का नेतृत्व जिला मुखिया संघ अध्यक्ष स्वदेश कुमार, जिला संयोजक अरविंद कुमार, जिला उपाध्यक्ष अनिल अनल, मधेपुरा प्रखंड अध्यक्ष राजकिशोर यादव, सिंहेश्वर प्रखंड अध्यक्ष किशोर कुमार, कुमारखंड प्रखंड अध्यक्ष विजेंद्र यादव, अरुण यादव, भोला दास, अब्दुल अहमद, अरविंद यादव आदि ने किया।
