कोशी लाइव_नई सोच नई खबर।
सहरसा। पिछले दिनों बैजनाथपुर निवासी प्रो. अशोक महतो की गोली मारकर हत्या करने के मामले में पुलिस ने सौरबाजार प्रखंड के रौता पंचायत की मुखिया के पति देवानंद यादव को गिरफ्तार किया। इस दौरान मुखिया के आवास से एक हथियार भी बरामद किया गया जिसका लाइसेंस रहने की जानकारी दिए जाने के बाद उसकी जांच की जा रही है।
बैजनाथपुर शिविर प्रभारी संजीव कुमार ने बताया कि मृतक प्रो. अशोक महतो गोगरी जमालपुर में अपने पुत्र के रिश्ते की बात तय की थी। शादी को लेकर तिलक समारोह भी हो गया था और लड़की पक्ष द्वारा ढाई लाख की राशि दी गई थी। लेकिन प्रो. महतो ने अपने पुत्र की शादी कहीं और करा दी। जिसके बाद रुपये की वापसी का लड़की पक्ष द्वारा दबाव बनाने को लेकर पंचायत भी हुई जिसमें रौता के मुखिया पति देवानंद यादव भी मौजूद थे। पंचायत में ही प्रो. महतो द्वारा मुखिया पति के साथ मारपीट कर दी गई। इसी बात का बदला लेने के लिए मुखिया पति ने हत्या की योजना बनाई और सात लोगों के साथ मिलकर प्रोफेसर की गोली मारकर हत्या कर दी। उन्होंने बताया कि इस हत्याकांड में एक आरोपित पहले भी गिरफ्तार हो चुका है। जबकि मुख्य आरोपित को सदर थानाध्यक्ष राजमणि के नेतृत्व में छापेमारी कर उनके रौता गांव से उसे गिरफ्तार किया गया। जबकि पांच अन्य आरोपित की गिरफ्तारी को लेकर छापेमारी की जा रही है। जिसमें दो बदमाश भवटिया का रहने वाला है। शिविर प्रभारी ने बताया कि छापेमारी में मुखिया के घर से एक हथियार की बरामदगी हुई। जिसका लाइसेंस नागालैंड से निर्गत रहने की बात कही गई है। हथियार को जब्त कर लिया गया है इसकी छानबीन वरीय अधिकारियों द्वारा की जा रही है। उन्होंने बताया कि मुखिया पति पर पूर्व से लूट, आर्म्स एक्ट समेत करीब आधा दर्जन मामला दर्ज है।
