कोशी लाइव_नई सोच नई खबर।
थाना क्षेत्र के ईटवा जीवछपुर पंचायत स्थित टोक सिहपुर वार्ड पांच में रविवार की सुबह करीब साढ़े पांच बजे आपसी विवाद में छोटे भाई ने बड़े भाई को गोली मारकर जख्मी कर दिया। घायल युवक को पीएचसी में प्राथमिक इलाज के बाद सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया। मधेपुरा के एक निजी अस्पताल में ऑपरेशन कर गोली निकाली गयी। जानकारी के अनुसार टोका सिहपुर निवासी मधु यादव का अपने बड़े भाई योगेन्द्र यादव के बीच रविवार की सुबह विवाद हुआ।
घर में महिलाओं के बीच भी कहासुनी हुई। इसके बाद दोनों भाइयों के बीच नोकझोंक होने लगी। इस मामले को लेकर छोटा भाई बेकाबू हो गया। उसने अपने बड़े भाई पर गोली चला दी। गोली हाथ में लगती हुई ठुड्डी में जाकर अटक गयी। गोली लगने की घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ लग गयी। दूसरी ओर घटना के बाद छोटा भाई मौके से फरार हो गया। परिजनों ने आनन- फानन में योगेंद्र को पीएचसी पहुंचाया। पीएचसी में प्राथमिक इलाज के बाद उसे सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया।
हालत गंभीर देखते हुए उसे सदर अस्पताल से भी रेफर कर दिया गया। इसके बाद परिजनों ने उसे शहर के लाइफ केयर हॉस्पीटल में भर्ती कराया। वहां ऑपरेशन के बाद ठुड्डी से गोली निकाली गयी। बताया जा रहा है कि दोनों भाइयों के बीच जमीन विवाद है। योगेन्द्र यादव अपने दरवाजे पर घर बनाने के लिए बालू रख हुआ था। बालू को दरवाजे से हटाकर रखने को लेकर विवाद हुआ था।
बाद में इसी बात को लेकर छोटे भाई ने गोली चला दी। थानाध्यक्ष किशोर कुमार ने बताया कि घरेलू विवाद को लेकर छोटे भाई द्वारा गोली चलाए जाने से योगेन्द्र यादव के जख्मी होने की घटना हुई है। जख्मी का इलाज मधेपुरा में किया जा रहा है। जख्मी व्यक्ति की ओर से फिलहालन थाने में आवेदन प्राप्त नहीं हुआ है। घटना की जांच की जा रही है।
