कोशी लाइव_नई सोच नई खबर।
शांत क्षेत्र की पहचान रखने वाला सहरसा जिला लगातार हो रही आपराधिक घटनाओं खासकर हत्याकांड की वजह से अशांत क्षेत्र बन रहा है। लगातार हो रही घटनाओं की वजह से जहां आम लोग दहशत में जी रहे हैं वहीं अपराधियों के मन से पुलिस का खौफ समाप्त हो रहा है।
इस वर्ष जनवरी महीने से अब तक जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में करीब चार दर्जन से अधिक हत्या की घटना हो चुकी है। पिछले वर्ष 2018 में 42 और 2017 में हत्या की 43 घटना हुई थी। आकड़ों के अनुसार इस वर्ष जनवरी महीने में दो , फरवरी में तीन, मार्च में पांच, अप्रैल में तीन, मई में पांच, जुन में चार, जुलाई में 1, अगस्त में तीन हत्या की घटना हो चुकी है। अगस्त महीने के बाद से अब तक विभिन्न थाना क्षेत्रों में करीब एक दर्जन हत्या की घटना हो चुकी है। हत्याओं में दहेज हत्या, जमीन विवाद, लेन देन विवाद, अवैध संबंध, प्रेम प्रसंग के अलावा गैंगवार में बदमाशों की हत्या भी शामिल है।
प्रमुख हत्या की घटना: इसी महीने बिहरा पटोरी बाजार में पूर्व प्रमुख विनोद कुमार चौरसिया की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी गई। अवैध संबंध को लेकर सूबेदारी टोला निवासी महिला रीना देवी की गोली मारकर हत्या कर दी गई। राजनपुर के पूर्व मुखिया सतो यादव की गोली मारकर हत्या कर दी गई।बिहरा थाना क्षेत्र में ही मृत्युंजय झा की हत्या हुई ।अक्टूबर महीने में सहरसा बैजनाथपुर मुख्य मार्ग समीप अशोक कुमार महतो की हत्या हुई। बलवा हाट में महंत की हत्या हुई।सितंबर महीने में सरोजा पंचायत के मुखिया कुंती देवी के पति राजकुमार शर्मा की हत्या हुई। अगस्त महीने में बिहरा थाना क्षेत्र के पुरीख मुख्य मार्ग पर लूट के दौरान नरसिंह झा की हत्या हुई। सदर थाना क्षेत्र के विद्यापति नगर निवासी करण टाइगर की हत्या हुई। जून महीने में मंगरौनी निवासी रुपेश कुमार राय की हत्या हुई। मई महीने में नयाबाजार निवासी सुनील कुमार सिंह की हत्या हुई। मई महीने में राधे ठाकुर की हत्या हुई थी। अप्रैल महीने में कचहरी चौक समीप कुंदन कुमार सिंह की हत्या कर दी गई। मार्च महीने में प्रेम प्रसंग को लेकर बैजनपट्टी में डॉ किशोर कुमार भाष्कर की हत्या की गई। जनवरी में सहरसा बस्ती में टैम्पो चालक की हत्या हुई।
लूट की घटनाएं : जिले में लगातार हो रही हत्या, लूट, छिनतई, गोलीबारी पुलिस के लिए चुनौती बनी हुई है। जनवरी महीने में बदमाशों ने बिहरा थाना क्षेत्र के डिंपल चौक समीप माइक्रो फाइनेंस कंपनी के कमी से 2.40 लाख रुपये लूट लिए। नरियार गांव समीप कलेक्शन कर रूपये जमा करने जा रहे फाइनेंस कर्मी के साथ 1.32 लाख रुपये लुट दिए। फरवरी में सदर थाना क्षेत्र के पटेल मैदान स्थित केंद्रीय विद्यालय समीप बाइक सवार बदमाशों ने फाइनेंस कंपनी के कर्मी से हथियार के बल पर कलेक्शन का 66 हजार रुपये लूट लिया। मार्च महीने में बदमाशों ने फाइनेंस कर्मी रोहित कुमार का दुधैला चिमनी समीप गाड़ी का चाभी छीनकर डिक्की में रखा 1 लाख 57 हजार 8 सौ 6 रूपया, दो मोबाइलव जेब में रखा एक हजार रुपये निकाल लिया।
अप्रैल महीने में निजी फाइनेंस कंपनी के कर्मी त्रिलोक कुमार मेहता के साथ 1.25 लाख रुपये लूट की घटना को अंजाम दिया।दहलान चौक समीप व्यवसायी संजय कुमार गुप्ता के बुलेट बाइक की डिक्की से छह लाख रुपये उड़ा लिया गया। थाना चौक समीप डाकघर रूपये जमा करने आए संवेदक का चार लाख रुपये उड़ा लिया गया। कहरा ब्लाक रोड स्थित गोदाम से करीब तीन लाख रुपये लूट लिया गया।
अपराध पर अंकुश के लिए लगातार कार्रवाई हो रही है। अधिकांश मामलों में अपराधियों की गिरफ्तारी हो चुकी है। अपराधियों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है।
- राकेश कुमार, एसपी।
