कोशी लाइव_नई सोच नई खबर"
अक्की :
अक्की :
सहरसा। सहरसा-मानसी रेलखंड के सिमरी बख्तियारपुर रेलवे स्टेशन पर गाड़ी संख्या 13206 जनहित एक्सप्रेस पाटलिपुत्र-सहरसा के इंजन पर एक विक्षिप्त युवक चढ़ गया। हालांकि स्टेशन मास्टर ने सूझबूझ का परिचय देते हुए युवक की जान बचाई। इस दौरान ट्रेन करीब 12 मिनट स्टेशन पर रुकी रही।
जानकारी के अनुसार, एक विक्षिप्त युवक मानसी स्टेशन पर जनहित एक्सप्रेस ट्रेन पाटलिपुत्र-सहरसा की छत पर चढ़ गया था। जिसे यात्री व रेलकर्मियों द्वारा उतार दिया गया। वहां ट्रेन खुली और ट्रेन सिमरी स्टेशन पर रुकी। यहां देखते ही देखते नंग-धड़ंग स्थिति में विक्षिप्त युवक ट्रेन से उतर कर इंजन के ऊपर चढ़ गया। वह कब इंजन पर चढ़ गया, यह किसी को पता नहीं चल पाया। जब वह इंजन के ऊपर से गुजर रहे विद्युत प्रवाहित तार को छूने का प्रयास करने लगा तब स्टेशन पर मौजूद लोगों की नजर उसपर पड़ी। इसके बाद लोगों ने शोर मचाना शुरू किया और फिर देखते ही देखते इंजन के पास भीड़ जुट गई। लोग उसे उतारने का प्रयास करने लगे। इसी बीच इसकी सूचना स्टेशन मास्टर राजकुमार झा को दी गई। उन्होंने अविलंब कंट्रोल समस्तीपुर को जानकारी देकर बिजली कटवाई और फिर अपनी सूझबूझ व ग्रामीणों के सहयोग से विक्षिप्त को ट्रेन से नीचे उतारा गया। इंजन से उतरने के बाद उक्त युवक रानीबाग की ओर भाग निकला। स्टेशन मास्टर ने बताया कि गाड़ी संख्या 13206 जनहित एक्सप्रेस ट्रेन पाटलिपुत्र.सहरसा सिमरी बख्तियारपुर स्टेशन 14.23 पर आयी और 14.35 पर ट्रेन खुली। इस दौरान करीब 12 मिनट रुकी रही। बताया कि चालक ने अपनी सूझबूझ से विद्युत स्पर्श पेंटो को नीचे कर दिया था। बताते चलें कि पूर्व में भी एक विक्षिप्त ने इसी रेलखंड के फनगो हाल्ट के समीप ट्रेन के उपर चढकर कर विद्युत प्रवाहित तार छू दिया था। जिसमें वह गंभीर रूप से जख्मी हो गया था।
