कोशी लाइव:Akky
दो पक्षों के बीच भूविवाद को सुलझाने से नाराज एक पक्ष के लोगों ने मंगलवार की दोपहर पिता-पुत्र को उनके बासा में गोली मार दी। हमले में घायल हुए पिता-पुत्र को सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां से प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए पीएमसीएच रेफर कर दिया गया।
घटना खगड़िया के कवैया दियरा बासा की है। घायलों में कृत नारायण सिंह व उनके पिता हरिश्चन्द्र प्रसाद सिंह शामिल हैं। कृत नारायण सिंह इचरुआ के जदयू पंचायत अध्यक्ष भी हैं। प्राप्त जानकारी के अनुसार मोरकाही में पांच बीघा जमीन को लेकर दो पक्षों में विवाद चल रहा था। पिता पुत्र जमीन विवाद सुलझाने का प्रयास किये थे। बताया गया कि इससे एक पक्ष के लोग खासे नाराज चल रहे थे। बताया गया कि इस संबंध में सोमवार की रात भी कहासुनी हुई थी।
इधर मंगलवार की दोपहर करीब आधा दर्जन बदमाश कृत नारायण सिंह के कवैया दियरा स्थित बासा में पहुंचे और गोलीबारी शुरू कर दी। इससे पिता-पुत्र दोनों घायल हो गए। कृत नारायण को सिर के पास गोली लगी है जबकि उनके पिता को हाथ में। सूचना पर बड़ी संख्यां में अस्पताल पहुंचकर मामले की जानकारी ली। सदर एसडीपीओ आलोक रंजन ने बताया कि बदमाशों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापेमारी कर रही है।
