Kosi Live-कोशी लाइव सहरसा: जमीन विवाद में दो की गोली मारकर हत्या - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Monday, September 2, 2019

सहरसा: जमीन विवाद में दो की गोली मारकर हत्या

कोशी लाइव:अक्की

बनमा ईटहरी (सहरसा) : जमीन विवाद में रविवार को मुंदीचक में दो युवकों की गोली मारकर हत्या कर दी गई। मृतकों में कमलेश यादव व ललन यादव शामिल हैं। पुलिस के अनुसार दोनों का आपराधिक रिकॉर्ड रहा है।
हत्या के बाद गांव में तनाव है। इसे देखते हुए एसडीपीओ व ओपी अध्यक्ष गांव में पुलिस बल के साथ कैंप कर रहे हैं। दोनों शवों को बरामद कर पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी है। मृतक कमलेश यादव कुख्यात संतोष यादव का भाई था। संतोष यादव पुलिस मुठभेड़ में छह साल पहले मारा जा चुका है। परिजन के अनुसार कमलेश यादव व रमेश यादव के बीच जमीन को लेकर विवाद चल रहा है।
इसको लेकर पिछले एक माह से तनाव काफी बढ़ गया था। दोनों एक-दूसरे को धमकियां दे रहे थे। रविवार को मुंदीचक परसाहा सड़क पर स्थित पुलिया के पास दोनों तरफ से गोलियां चलने लगीं। इसके बाद दोनों को पकड़कर गोली मारने की बात कही जा रही है। मृतक के परिजन हत्या का आरोप रमेश यादव व अन्य पर लगा रहे हैं। कमलेश को चार गोलियां लगी हैं जबकि ललन यादव के शरीर में तीन गोलियां मारी गई हैं।
इधर, सूचना मिलने के बाद एसडीपीओ मृदुला कुमारी और ओपी अध्यक्ष रुदल कुमार पुलिस बल के साथ मुंदीचक पहुंचे। पुलिस अधीक्षक राकेश कुमार ने कहा कि जमीन विवाद में दोनों की हत्या हुई है। पुलिस ने मृतक के पास से छह गोलियां बरामद की हैं। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापेमारी कर रही है।
’>>पुलिस मुठभेड़ में मारे गए कुख्यात संतोष यादव का भाई है मृतक
’>>दोनों का है आपराधिक रिकॉर्ड पुलिस कर रही छानबीन