कोशी लाइव:अक्की
सहरसा: बिहार के सहरसा में रेलवे ट्रैक के पास रेलकर्मी की संदेहास्पद स्थिति में मौत हो गई. रेलकर्मी का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई है. घटना सहरसा-मधेपुरा रेलखंड के बैजनाथपुर रेलवे स्टेशन के समीप की है. मृतक की पहचान बैजनाथपुर गांव निवासी 35 वर्षीय राजेश यादव के रूप में की गई है.
बताया जाता है कि मृतक बैजनाथपुर रेलवे स्टेशन पर सिग्नल मेन के रूप में कार्यरत था. आशंका जताई जा रही कि सिग्नल ठीक करने के दौरान रेल कर्मी किसी ट्रेन की चपेट में आ गया जिससे उसकी घटना स्थल पर ही मौत हो गई.
वहीं, घटना को लेकर परिजनों का कहना है कि देर रात राजेश कुमार को बैजनाथपुर रेलवे स्टेशन से फोन आया और कहा गया कि बैजनाथपुर स्टेशन से कुछ दूरी पर सिग्नल में तकनीकी खराबी आ गई है जिसके बाद रेल कर्मी राजेश कुमार देर रात को ही बताए गए जगह पर पहुंच सिग्नल ठीक कर रहे थे.
वहीं, सुबह ग्रामीणों की नजर शव पर पड़ी जिसके बाद लोगों की भीड़ जुट गई. घटना की जानकारी मृतक के परिजनों को दी गई. वहीं घटना की सूचना मिलने पर पहुंची रेल पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और छानबीन में जुट गई है.
