Kosi Live-कोशी लाइव सहरसा:बदमाशों ने युवक को गोली मारकर किया जख्मी, सड़क जाम - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Wednesday, May 1, 2019

सहरसा:बदमाशों ने युवक को गोली मारकर किया जख्मी, सड़क जाम

कोशी लाइव:अक्की

सहरसा। बिहरा थाना क्षेत्र के रहुआ चौक पर बेखौफ बदमाशों ने मंगलवार को दिनदहाड़े गोली मार एक व्यक्ति को जख्मी कर दिया। वहीं घटना को अंजाम देकर भाग रहे दो बदमाश को ग्रामीणों ने पकड़कर पिटाई कर दी। जबकि आक्रोशित ग्रामीणों ने तुलसियाही चौक स्थित सहरसा-सुपौल मुख्य मार्ग को जामकर यातायात बाधित कर दिया। सूचना मिलते ही जाम स्थल पर पहुंचे एसडपीओ प्रभाकर तिवारी, थानाध्यक्ष रणवीर कुमार के आश्वासन पर जाम समाप्त हुआ।
जानकारी के अनुसार तुलसियाही निवासी राजेन्द्र चौधरी के पुत्र सुशील चौधरी सहरसा-सुपौल मुख्य मार्ग में चीना पुल के समीप अपनी जमीन में मिट्टी भरवा रहे थे।उसी दौरान चार बाइक सवार सात बदमाश वहां पहुंचकर रंगदारी मांगते हुए मारपीट शुरू कर दी। जिसकी सूचना सुशील ने मोबाइल से अपने परिजनों को दिया। सूचना मिलते ही ग्रामीणों के साथ परिजन घटना स्थल जा रहे थे। रहुआ चौक पहुंचते ही बदमाशों को देखकर परिजन रूक गये इसी दौरान बदमाश व परिजन के बीच झड़प हो गई। इसी बीच एक बदमाश ने राजेन्द्र के भाई संजय चौधरी को गोली मार दिया। गोली छाती के समीप लगने के बाद जख्मी को इलाज हेतु सदर अस्पताल भेजा गया। जहां गंभीर स्थिति देख उसे निजी नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया है। जबकि गोली मारने के बाद हथियार लहराकर भाग रहे बदमाशों मे से दो बदमाश को ग्रामीणों ने पकड़ लिया और जमकर पिटाई कर दी। मौके पर पहुंचे पुलिस अधिकारी ने जाम समाप्त कराकर ग्रामीणों द्वारा पकड़े गये दोनों बदमाश को पुलिस अभिरक्षा में लेकर इलाज हेतु सदर अस्पताल भेज दिया। पकड़े गए बदमाश सिहौल निवासी टनटन मिश्र एवं दिलखुश मिश्र बताया गया है। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल बना हुआ है।
-----
दो पक्षों के बीच आपसी विवाद में गोली मार जख्मी करने की बात बताई जा रही हैं। भाग रहे दो बदमाश को ग्रामीणों द्वारा पकड़ा गया है। जांच के बाद मामले का खुलासा होगा कि घटना में कौन-कौन शामिल था और किसने गोली मारी।
प्रभाकर तिवारी, सदर एसडपीओ, सहरसा।
----
जांच की जा रही हैं। जख्मी बदमाश का इलाज चल रहा है। बदमाशों के बयान पर मामला का खुलासा होगा।
रणवीर कुमार, थानाध्यक्ष, बिहरा