Kosi Live-कोशी लाइव पूर्णियां,मधेपुरा,अररिया:मोदी सत्ता में आए तो खत्म कर देंगे चुनावी प्रक्रिया : तेजस्वी - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Thursday, April 4, 2019

पूर्णियां,मधेपुरा,अररिया:मोदी सत्ता में आए तो खत्म कर देंगे चुनावी प्रक्रिया : तेजस्वी

कोशी लाइव:अक्की


पूर्णिया/मधेपुरा/अररिया :
बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री सह बिहार विधानसभा में प्रतिपक्ष के नेता तेजस्वी यादव ने बुधवार को कहा है कि नरेंद्र मोदी सत्ता में आए तो चुनावी प्रक्रिया को समाप्त कर देंगे। तेजस्वी पूर्णिया के धमदाहा उच्च विद्यालय के मैदान में कांग्रेस प्रत्याशी उदय सिंह उर्फ पप्पू सिंह, अररिया के सिकटी स्थित बरदाहा उवि मैदान में राजद उम्मीदवार सरफराज आलम और मधेपुरा के रासबिहारी मैदान में राजद प्रत्याशी शरद यादव के नामांकन के बाद चुनावी जनसभा को संबोधित कर रहे थे।

उन्होंने कहा कि यह चुनाव संविधान, देश एवं आरक्षण को बचाने का चुनाव है। तेजस्वी ने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री ने मिलकर साजिश के तहत उनके पिता लालू प्रसाद यादव को झूठे मुकदमे में फंसाकर जेल भेजा। उनपर व उनके परिवार पर 35 से अधिक मुकदमे दायर किए गए। उन्होंने कहा कि सरकार में बैठे लोगों को विकास और रोजगार नहीं, बल्कि कुर्सी से मतलब है। उन्होंने आरोप लगाया कि शराबबंदी के बाद शराब की होम डिलीवरी हो रही है। हर जगह भ्रष्टाचार और कमीशनखोरी है। प्रधानमंत्री पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि नीरव मोदी, ललित मोदी, मेहुल चौकसी एवं विजय माल्या 19-19 बैंकों के रुपये लेकर भागे। नीतीश कुमार और सुशील मोदी पर उन्होंने सृजन घोटाले को लेकर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि भाजपा वाले देश में सामाजिक सौहार्द को खत्म करना चाहते हैं। पिछले चुनाव में मोदी ने रोजगार के साथ हर गरीब के बैंक खाते में 15 लाख रुपये देने का वादा किया था। इसके बाद उल्टे लाखों संविदाकर्मियों की नौकरी छीनकर उन्हें बेरोजगार कर दिया गया। आज महंगाई बढ़ी है। लोगों को राशन-केरोसिन तक नहीं मिल रहा है। हर जगह अफसरशाही है। जब आरक्षण ही खत्म हो जाएगा तो नौकरी कहां से मिलेगी। इधर, मधेपुरा में शरद यादव के नामांकन के बाद रासबिहारी मैदान पर आयोजित सभा में उन्होंने कहा कि पहले मोदी चाय वाला और अब चौकीदार बन गए। जनता थानेदार है। गलती पर सजा भी देना जानती है। बिहार में हमारे पलटू चाचा हैं जो चार साल में चार सरकार बना लिए। ये चाचा 420 हैं। भ्रष्टाचार पर बोलते हैं, लेकिन मुजफ्फरपुर बालिका गृह मामले में चुप रहते हैं। तेजस्वी ने पप्पू यादव पर हमला करते हुए कहा कि वे बीजेपी के एजेंट हैं। उन्होंने कहा कि भारत-पाकिस्तान पर विपक्ष कितना वोट ले लेगा! मौके पर पूर्व मुख्यमंत्री जीतन राम मांझी ने कहा कि उन्हें मुख्यमंत्री बनाया गया था, लेकिन नौ माह में बेदखल कर दिया। इसका बदला सबको लेना है। मौके पर पूर्व सांसद सह महागठबंधन प्रत्याशी शरद यादव ने कहा कि नीतीश कुमार ने जनमत का विश्वासघात किया है। राज्यसभा सदस्य मनोज झा, राजद महासचिव आलोक मेहता, प्रदेश अध्यक्ष रामचंद्र पूर्वे आदि ने भी सभा को संबोधित किया।