कोशी लाइव: कन्हैया कु
सहरसा बस्ती में बुधवार की देर शाम कई मामलों के वांछित बदमाश को पकड़ने गई पुलिस टीम पर लोगों ने हमला कर दिया। बाद में सैकड़ों की संख्या में पहुंच पुलिस बदमाश की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।
जानकारी के अनुसार सदर थानाध्यक्ष के नेतृत्व में शाम को सहरसा बस्ती में बदमाश को गिरफ्तार करने पुलिस पहुंची। पुलिस आने की भनक लगते ही बदमाश मौके से फरार हो गये। हालांकि पुलिस ने छापेमारी के दौरान दो हथियार बरामद किये। इस दौरान वहां मौजूद कुछ लोगों ने पुलिस जवानों के साथ हाथापाई की। पुलिस स्थिति को नियंत्रित कर हथियार लेकर थाने पहुंची। फिर पूरी घटना की सूचना वरीय पदाधिकारी को दी गई।
वरीय पदाधिकारियों के निर्देश पर सदर एसडीपीओ प्रभाकर तिवारी के नेतृत्व में भारी संख्या में एसएसबी, बीएमपी व स्थानीय पुलिस की टीम ने सहरसा बस्ती की घेराबंदी कर दी। हालांकि बदमाश पुलिस के हत्थे नहीं चढ़ा। हत्या, लूट, राहजनी सहित कई मामलों में वांछित बदमाश मो. सिटियार के सहरसा बस्ती में छुपे होने की पुलिस को सूचना मिली थी। इसके बाद सदर थानाध्यक्ष राजमणि के नेतृत्व में छापेमारी की गई। समाचार प्रेषण तक पुलिस सहरसा बस्ती के कई घरों में बदमाश की गिरफ्तारी के लिए सर्च अभियान चला रही थी।
एसपी राकेश कुमार ने हमले की बात को नकारते हुए कहा कि बदमाश की सूचना पर पुलिस छापेमारी करने गई थी। कहीं-कहीं बड़ी संख्या में भी पुलिस बल को छापेमारी के लिए भेजा जाता है।