कोशी लाइव: विकास तांती
सहरसा। सहरसा व सुपौल जिले के बिहरा एवं सुपौल सदर थाना में दर्ज आधा दर्जन से अधिक लूट, आर्म्स एक्ट, गोलीकांड मामले में वांछित दो बदमाश को पुलिस ने गिरफ्तार किया। गिरफ्तार बदमाश के पास से पुलिस ने दो देशी कट्टा, दो गोली, चार मोबाइल, लूटी गई छह हजार की राशि समेत एक बाइक बरामद किया है।
सदर एसडीपीओ प्रभाकर तिवारी ने बताया कि गत दिन बिजलपुर-कटैया एवं मेनहा-खोनहा के बीच बाइक सवार तीन अज्ञात बदमाशों द्वारा लूटपाट के दौरान दो व्यवसायी को गोली मारकर जख्मी कर दिया गया था। जिसके बाद बिहरा थानाध्यक्ष रणवीर कुमार के नेतृत्व में गठित टीम द्वारा जारी सघन छापेमारी कर पदमपुर निवासी भवेश कुमार एवं खोनहा निवासी प्रिस कुमार को खादीपुर में गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार बदमाश के पास से दो देशी पिस्तौल समेत अन्य सामान बरामद किया गया। जबकि घटना में शामिल तीसरा बदमाश राकेश कुमार पुलिस दबिश के कारण न्यायालय में आत्मसमर्पण कर दिया। एसडीपीओ ने बताया कि दो माह पूर्व मेनहा के समीप माइक्रो फाइनेंस कंपनी के कर्मी बेगुसराय जिले के डंडारी निवासी सुजीत कुमार से दो लाख 40 हजार की लूट कांड की घटना समेत कई लूट, आर्म्स एक्ट एवं गोलीकांड में बदमाशों ने अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। तीनों बदमाश पर सुपौल सदर थाना में भी प्राथमिकी दर्ज है।
------
गिरफ्तार बदमाशों के खिलाफ स्पीडी ट्रायल कराया जाएगा। गोली का फोरेंसिक जांच कराया जाएगा। थानाध्यक्ष को सीसीए लगाने का प्रस्ताव भेजे जाने का निर्देश दिया गया है।
प्रभाकर तिवारी, सदर एसडीपीओ, सहरसा।
