Kosi Live-कोशी लाइव पूर्णियां:भवानीपुर में युवक की हत्या, रायपुरा मध्य विद्यालय के नजदीक कुड़िया से बरामद हुआ शव - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Friday, March 8, 2019

पूर्णियां:भवानीपुर में युवक की हत्या, रायपुरा मध्य विद्यालय के नजदीक कुड़िया से बरामद हुआ शव

कोशी लाइव:अक्की

भवानीपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत रायपुरा मध्य विद्यालय के पीछे कुड़िया धार से एक युवक का शव गुरुवार को बरामद किया गया। मध्य विद्यालय के नजदीक शव होने की जानकारी पाकर समूचे क्षेत्र में सनसनी फैल गई। बरामद शव की पहचान बड़हरी पंचायत अंतर्गत हरदीकोल निवासी शेख मुस्लिम के पुत्र मो. निहाल के रूप में किया गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार गुरुवार को कुछ चरवाहे बकरी चराने मध्य विद्यालय के पीछे से जा रहे थे। इसी दौरान चरवाहे ने दुर्गंध आने पर जलकुम्भी के बिच युवक का शव देखा। शव देखने के बाद चरवाहे ने हल्ला मचाया। स्थानीय लोग वहां पहुंचे। कुड़िया धार में शव होने की सूचना स्थानीय लोगों द्वारा भवानीपुर थाना को दिया गया। सूचना मिलते ही भवानीपुर थाना में कार्यरत अवर निरीक्षक उमेश पासवान, केसीनाथ सिंह एवं सअनि गौरी पंडित सदलबल के साथ घटनास्थल पर पहुंच शव को अपने कब्जे में लेते हुए इसकी पहचान कराने में जुट गए। इस दौरान हरदीकोल निवासी मो. अंजार वहां पहुंचे, जिसने बरामद शव को अपने भाई का शव होने की बात कही। मृतक के परिजनों ने बताया कि वह बीते सोमवार को झनकुआ हाट में दुकान लगाने की बात कहकर अपने घर से निकला था। मृतक के परिजनों ने बताया कि वह हाट में आलू एवं प्याज की दुकान लगाया करता था। मृतक मो. निहाल की पत्नी संजीदा खातून ने बताया कि सोमवार की सुबह लगभग दस बजे उसे निहाल से मोबाइल पर बात हुई थी। जिसके बाद उसने अपनी पत्नी से शाम तक घर वापस आने की बात कहकर अपना फोन काट दिया था। मृतक की पत्नी ने बताया कि उसके बाद से उसका मोबाइल स्विच ऑफ आने लगा था। उसने बताया कि देर रात्रि तक जब निहाल अपने घर वापस नहीं लौटा तो उनलोगों ने अपने सभी रिश्तेदारों के घर फोन लगाकर पता करने का प्रयास किया था। लेकिन कहीं से उसका कोई अता-पता नहीं चल पाया था। इधर गुरुवार को रायपुरा कुड़िया से निहाल का क्षत-विक्षत शव बरामद किया गया। मृतक के शव को काफी बेरहमी से क्षत-विक्षत करने के उपरांत हत्यारों ने बेडशीट एवं बिछावन में लपेटकर कुड़िया धार में जलकुम्भी के नीचे फेंक दिया था। मृतक के पहने हुए कपड़ों से उसके परिजनों ने उसकी पहचान की। घटना की जानकारी पाकर धमदाहा एसडीपीओ प्रेम सागर भी जांच के लिए घटनास्थल पर पहुंचे हुए थे। पुलिस पदाधिकारियों ने मृतक के शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए पूर्णिया भेज दिया। वहीं अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सहित सभी पुलिस पदाधिकारी मामले की जांच में जुट गए हैं। इस संबंध में पुलिस पदाधिकारी ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हत्या कैसे हुई, इसकी पुष्टि हो पाएगी। इधर दूसरी तरफ हत्या के बाद से मृतक के परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।