Kosi Live-कोशी लाइव बिहार: बहन की शादी के दिन घर से बुलाकार युवक की हत्या, खेत में फेंक दी लाश - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Sunday, March 10, 2019

बिहार: बहन की शादी के दिन घर से बुलाकार युवक की हत्या, खेत में फेंक दी लाश

कोशी लाइव:अक्की

बिहार के समस्तीपुर में चचेरी बहन की शादी समारोह के दौरान ही घर से बुलाकर सिंघिया थाने के वस्ती गांव निवासी भूखन मुखिया के पुत्र नीतीश कुमार मुखिया (17) की अपराधियों ने चाकू से गोद कर हत्या कर दी। उसने इस साल मैट्रिक की परीक्षा दी थी। अपराधियों ने हत्या के बाद पनसल्ला-लक्ष्मीनिया मुख्य पथ में बगठैया गांव में सड़क किनारे गेंहू के खेत में उसकी लाश फेंक दी। उसकी लाश सबसे पहले एक चरवाहे ने देखी। वह भैंस को नहलाने के लिए तालाब में गया था। जहां किशोर की लाश देख ग्रामीणों को सूचना दी। उसके बाद ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने लाश को कब्जे में ले उसकी पहचान की कोशिश शुरू कर दी। 
उसकी लाश मिलने की खबर आग की तरह फैल गई, जिससे लोगों का हुजूम गेहूं के खेत में उमड़ पड़ा। करीब तीन घंटे बाद लाश की घटनास्थल से तीन किमी की दूरी पर स्थित वस्ती गांव निवासी भूखन मुखिया के पुत्र नीतीश रूप में पहचान की गई। बताया गया है कि शुक्रवार रात में नीतीश की चचेरी बहन की शादी थी। परिजनों के अनुसार उसने आधी रात तक बारात को खाना खिलाया। बारात के खाने के बाद जब उसे खाने के लिए परिजनों ने खोजा तो वह नहीं मिला। ग्रामीणों के अनुसार, एक बाइक पर सवार दो लड़के उसे बाइक से विवाह स्थल से अपने साथ ले गये थे। जिसके बाद वह नजर नहीं आया। बाइक सवार के संबंध में कुछ लोगों का कहना है कि वे उसके कोई नजदीकी संबंधी ही थे, जिसमें से एक बड़ा-बड़ा बाल रखे हुए था।ग्रामीणों के अनुसार, नीतीश अच्छे चरित्र का था। उसका किसी को कोई विवाद भी नहीं था। हालांकि घटना स्थल से पुलिस को लहठी व एक चेन मिली है, जिससे लोग तरह-तरह का कयास लगा रहे हैं। मामले में थानाध्यक्ष पंकज कुमार ने बताया कि घटना की जांच के बाद ही हत्या के कारणों का खुलासा होगा। मामले में एसडीपीओ अरुण कुमार दुबे ने बताया कि मामले की पड़ताल चल रही है। पुलिस कई बिंदुओं पर जांच कर रही है।