कोशी लाइव:अक्की
संवाद सहयोगी, कटिहार : राजद नेता तेजस्वी यादव अहंकार में चूर हैं जबकि राजनीति में अहंकार की कोई जगह नहीं है। उन्हें महागठबंधन के बड़े नेताओं से बहुत कुछ सीखनी चाहिए। यह बातें जन अधिकार पार्टी के संरक्षक सह सांसद राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव ने कही। वे पूर्णिया जाने के दौरान रेलवे परिसदन में पत्रकारों से बात कर रहे थे। उन्होंने कहा कि तेजस्वी यादव से अपना घर नहीं संभल रहा हैं, तब वे पार्टी और राज्य को क्या संभालेंगे। उन्होंने कहा कि राजद नेता को राजनीति का ज्ञान नहीं हो पाया है। उनके विधान सभा परिक्षेत्र में इतनी बड़ी रेल दुर्घटना होती है और वे वहां जाना तक मुनासिब नहीं समझते हैं।

कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष से चल रही बात : सांसद पप्पू यादव ने आगामी चुनाव लड़ने संबंधी सवाल पर कहा कि उनकी बात कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी व महासचिव प्रियंका गांधी से चल रही है। जन अधिकार पार्टी कांग्रेस के साथ मिलकर चुनाव लड़ेगी। अंतिम निर्णय भी जल्द ही हो जाएगा।
शहीद जवानों के परिजन को एक-एक लाख की सहायता : सांसद श्री यादव ने कहा कि पुलवामा आतंकी हमले में इंटलिजेंस इनपुट पर सतर्कता नहीं बरतना एक बड़ी चूक को दर्शाती है। उन्होंने कहा कि आतंकवाद के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए। इस मामले में तत्काल जवाबी कार्रवाई होनी चाहिए। बिहार के शहीद दोनों जवानों के परिजनों को जन अधिकार पार्टी द्वारा एक-एक लाख रूपये सहयोग राशि देने की बात कही। उन्होंने कहा कि सरकार को शहीद परिवार को 50-50 लाख रूपया मुआवजा व आजीवन पेंशन देने की तत्काल घोषणा करनी चाहिए। बाद में शहीद जवानों के लिए सांसद की अध्यक्षता में रेल परिसदन परिसर में श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। इस दौरान उपस्थित पार्टी कार्यकर्ताओं ने दो मिनट का मौन रख मृत आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की। इस मौके पर जाप जिलाध्यक्ष सुनील यादव, प्रदेश नेता नैयर मसूद खान, महिला जिलाध्यक्ष, छात्र जिलाध्यक्ष मनीष ठाकुर, राजू पाठक आदि मौजूद थे।
कटिहार : बिहार के पूर्व उप मुख्यमंत्री और विधानसभा में प्रतिपक्ष नेता तेजस्वी यादव ने सांसद राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव पर जमकर निशाना साधते हुए कहा कि राजद ने उनके लिए नो इंट्री का बोर्ड लगा दिया है। कांग्रेस में शामिल होने संबंधी सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि महागठबंधन दलों के वरीय नेता इसपर विचार करेंगे। तेजस्वी पूर्णिया जाने के क्रम में स्थानीय सर्किट हाउस में पत्रकारों से बात कर रहे थे। पूर्व डिप्टी सीएम ने पुलवामा में आतंकी हमले में शहीद जवानों को श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि गत लोकसभा चुनाव प्रचार के दौरान प्रधानमंत्री 56 इंच का सीना होने की बात कर रहे थे। दो सिर के बदले 10 सिर काटने की बात करने वाली भाजपा नेतृत्व वाली केंद्र सरकार आतंकी हमले को रोकने में नाकाम साबित हो रही है। उन्होंने कहा कि पुलवामा हमले के बाद पूरा देश शहीद जवानों के परिजनों के साथ खड़ा है। देश की सुरक्षा पर किसी तरह की राजनीति नहीं होनी चाहिए। लेकिन जवानों की शहादत बेकार नहीं जानी चाहिए। केंद्र सरकार को आतंकी हमले का करारा जवाब देना चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री रहते हुए नरेंद्र मोदी पाकिस्तान में नवाज शरीफ के घर चुपके से बिरयानी खाने भी गए थे। तेजस्वी ने कहा कि लोकसभा चुनाव को लेकर महागठबंधन दलों के बीच सीट बंटवारे को लेकर अभी कोई निर्णय नहीं लिया गया है। शीघ्र ही इसकी घोषणा की जाएगी। बजट पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए उन्होंने कहा कि बजट को किसी दृष्टि से प्रासंगिक नहीं कहा जा सकता। इस मौके पर पूर्व उपमुख्यमंत्री के साथ-साथ जिलाध्यक्ष व बरारी विधायक नीरज यादव समेत मौजूद लोगों ने दो मिनट का मौन रखकर पुलवामा आतंकी हमले में शहीद जवानों को श्रद्धांजलि दी।
