कोशी लाइव:अक्की
सहरसा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने यू.पी. के गोरखपुर में राष्ट्रीय किसान सम्मान निधि योजना का रविवार को जैसे ही विधिवत शुभारंभ किया, सहरसा के किसानों के खाते में दो हजार रुपये की पहली क़िस्त आ गयी। सहरसा जिले के बनमा ईटहरी प्रखंड की सहुरिया पंचायत के किसान मो० हसन ने बताया कि दोपहर 12.35 बजे उसके खाते में राष्ट्रीय किसान सम्मान निधि की पहली क़िस्त आ गई है। ऐसी ही जानकारी कई अन्य किसानों ने भी दी।
केंद्र सरकार की इस महत्वाकांक्षी योजना से पाँच एकड़ या कम भूमि बाले देश के 12 करोड़ किसानों को छः हजार रुपया प्रतिवर्ष की सहायता दी जाएगी। इस कार्यक्रम का प्रसारण देखने की व्यवस्था यहां विकास भवन के सभा कक्ष में भी की गई थी। इस अवसर पर उप विकास आयुक्त राजेश कुमार सिंह तथा कृषि संयुक्त निदेशक राम प्रबोध ठाकुर ने बताया कि जिले के 3015 किसानों का चयन इस योजना के तहत किया गया है। अन्य लाभार्थियों के चयन की प्रक्रिया चल रही है।
