कोशी लाइव:अक्की
मधेपुरा। बिहार विद्यालय परीक्षा समिति की ओर से छह फरवरी से होने वाली इंटर की सैद्धांतिक परीक्षा जिले के 42 परीक्षा केंद्रों पर आयोजित होगी। इस वर्ष तीनों संकायों से कुल 33 हजार 216 परीक्षार्थी इंटरमीडिएट की परीक्षा में शामिल हो रहे हैं। इसमें 21 हजार 380 छात्र और 11 हजार 836 छात्राएं शामिल हैं। परीक्षा के मद्देनजर मधेपुरा अनुमंडल में 28 और उदाकिशुनगंज अनुमंडल में 14 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। सीसीटीवी की निगरानी में होनेवाली परीक्षा की शिक्षा विभाग ने तैयारी शुरू कर दी है। यह परीक्षा छह से 18 फरवरी तक विभिन्न परीक्षा केंद्रों पर आयोजित होगी। साइंस, कला और वाणिज्य संकाय से जुड़े छात्र परीक्षा की तैयारी में जुट गए हैं। सैद्धांतिक परीक्षा के लिए परीक्षा केंद्रों पर एजेंसी की ओर से उत्तरपुस्तिका और अन्य सामग्री 19 जनवरी से दिया जाएगा।
------------------------
42 परीक्षा केंद्रों पर आयोजित होगी परीक्षा :
इस वर्ष जिला मुख्यालय के अलावा ¨सहेश्वर में भी परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। शिक्षा विभाग से मिली जानकारी के अनुसार मधेपुरा अनुमंडल में 28 व उदाकिशुनगंज में 14 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। इस वर्ष विज्ञान संकाय में 17538, कला संकाय में 15400 तथा कॉमर्स और वोकेशनल में 278 छात्र परीक्षा देंगे।
परीक्षा को लेकर जिन विद्यालयों में बेंच-डेस्क की कमी है, उन जगहों पर शिक्षा विभाग की ओर से बेंच-डेस्क उपलब्ध करवाया जा रहा है। डीइओ उग्रेश प्रसाद मंडल ने बताया कि इंटर की परीक्षा के बाद 21 फरवरी से मैट्रिक की परीक्षा शुरू होगी। परीक्षा को लेकर शिक्षा विभाग सजग है। उन्होंने कहा कि छात्राओं और छात्रों के लिए अलग-अलग परीक्षा केन्द्र बनाए गए हैं। पिछले वर्ष की तुलना में इस वर्ष इंटर की परीक्षा में 5,195 परीक्षार्थी कम हैं।
---------------------------------
कदाचार मुक्त माहौल में होगी परीक्षा : छह फरवरी से होने वाली इंटर की परीक्षा कदाचार मुक्त माहौल में संपन्न कराने को लेकर जिला प्रशासन की ओर से भी तैयारी की जा रही है। परीक्षा को लेकर जिले भर में 42 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। इसमें जिले के 33 हजार 216 परीक्षार्थी भाग लेंगे। जिला प्रशासन ने कदाचार मुक्त माहौल में परीक्षा संपन्न करवाने को लेकर सुरक्षा व्यवस्था के भी पुख्ता इंतजाम कर लिया है। परीक्षा में किसी भी प्रकार की गड़बड़ी न हो इसका विशेष ध्यान रखा जाएगा। इस बार परीक्षा केंद्र पर परीक्षार्थियों की गहन तलाशी के बाद ही अंदर जाने दिया जाएगा। परीक्षा के दौरान अगर किसी परीक्षार्थी के पास चिट-पुर्जा पाया जाता है तो परीक्षार्थी के अलावा वीक्षक के ऊपर भी कार्रवाई की जाएगी। सभी परीक्षा केंद्रों पर भारी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की जाएगी।
