कोशी लाइव:अक्की
पूर्णिया: बिहार की शिक्षा व्यवस्था किस कदर चौपट हो चुकी है इसकी एक बानगी बीएनएमयू की ओर से जारी किए गए रिजल्ट में दिखी. विश्वविद्यालय ने बतौर सौगात एक छात्र को 500 मार्क्स के एग्जाम में 2777 अंक दे डाले, तो किसी को शून्य से काम चलाना पड़ा.
दरअसल हैरत की बात यह है कि ऐसे एक दो नहीं बल्कि दर्जनों मामले हैं. लिहाजा बीएनएमयू की ओर से जारी किए गए स्नातक पार्ट-1 व पार्ट-2 के रिजल्ट ने महज स्टूडेंट ही नहीं बल्कि प्रोफेसरों तक को चौंका दिया. बकायदा समूचे परिसर में हर एक के बीच बीएनएमयू की ओर से जारी किए गए परीक्षा परिणाम चर्चा बटोरता नजर आया.
500 अंकों के एग्जाम में दे डाले 2777 मार्क्स
दरअसल, भूपेंद्र नारायण मंडल यूनिवर्सिटी मधेपुरा की ओर से स्नातक पार्ट-1 के सभी, जबकि स्नातक पार्ट-2 के साइंस व कॉमर्स विषय के रिजल्ट जारी किए गए है. ग्रेजुएशन पार्ट-2 के रिजल्ट में ये गड़बड़ी सामने आई. जहां पूर्णिया कॉलेज से फिजिक्स ऑनर्स कर रहे शशि शेखर पाठक को 500 मार्क्स के एग्जाम में 2777 नंबर दे दिये.
इसमें आरबीएच नौन हिंदी में 33, एमबी भाषा में 32, पेपर 2 में 47, पेपर 4 में 2525, गणित के 46 अंक सहित रसायन के 52 अंक शामिल हैं. बीएनएमयू की यह चूक इस मायने में भी बेहद संगीन है कि यह गलती महज अंकों की नहीं शब्दों की भी है.
किसी को हर विषय में जीरो
वहीं ताज्जुब की बात ये है कि पूर्णिया महाविद्यालय से इतिहास से ऑनर्स कर रहीं बीए की छात्रा जयश्री को हर विषय में शून्य मार्क्स मिले. जयश्री बताती हैं कि वे सभी एग्जाम में उपस्थित रही थीं. इसके साथ ही उन्होंने अपने विषय को अच्छे से पढ़ा था. सभी प्रश्नों के उत्तर बेहतर ढंग से दिये थे. वहीं रिजल्ट में हुई गड़बड़ी से एक छात्र हॉस्पिटल में एडमिट है.
गड़बड़ी के दर्जनों मामले
कई ऐसे कॉलेज छात्र भी हैं जिनको एक ही विषय में कई दफा फेल कर दिया गया है. वहीं कुछ ऐसी गड़बड़ियां भी पाई गई हैं जिनमें बच्चों ने किसी दूसरे ऑनर्स पेपर का एग्जाम दिया था. रिजल्ट में ऑनर्स पेपर बदलकर कुछ और हो गया. ऐसे मामले भी हैं जिनमें ऑनर्स पेपर में किसी को 6 तो सब्सिडरी में 10 अंक देकर प्रोमोट कर दिया गया. इससे इतर जो बात सबसे अधिक हैरत में डालती है, वो ये कि कई स्टूडेंट्स का लगातार दो बार पार्ट-1 की परीक्षा में प्रोमोट कर दिया गया है. जबकि इनका साफ कहना है कि इन्होंने अपने उत्तर बेहतर ढंग से दिए हैं.
जानिए क्या कहते हैं पूर्णिया कॉलेज प्राचार्य
इस बाबत पूर्णिया कॉलेज के प्रभारी प्राचार्य डॉ.पटवारी यादव ने बताया कि इस संबंध में कोई लिखित शिकायत नहीं मिली है. विवि द्वारा टीआर आने के बाद ही इस विषय पर कुछ कहा जा सकता है.
