कोशी लाइव:अक्की
पंचगछिया स्टेशन से पूर्व सत्तर कटैया बाजार में शनिवार को कमर में रखे हथियार के साथ दो बदमाशों को लोगों ने पकड़कर जमकर धुनाई की। मारपीट के क्रम में बदमाशों के कमर से हथियार गिर गया जिसे एक युवक ने लेकर उसे छुपा दिया।
हालांकि, दोनों बदमाश किसी तरह वहां से जान बचाकर बाइक से भाग निकले। बताया जाता है कि शनिवार को दिन के लगभग तीन बजे एक बाइक पर सवार दो बदमाश नशे में धुत सत्तर कटैया पूर्वी ओर ऑटो स्टैंड के पास पहुंचे। बाजार में घूम रहे कुछ युवकों ने एक बदमाश की कमर में हथियार देखा इसके बाद उसकी पिटाई शुरू कर दी। जबतक लोग वस्तुस्थिति को समझ पाते तबतक उसमें से एक बदमाश बाइक लेकर भाग गया। लोगों ने दूसरे की पिटाई जमकर की लेकिन पुलिस के समय पर नहीं आने के बाद वह भी जान बचाकर वहां से भाग निकला।
बताया जाता है कि मारपीट के क्रम में बदमाश का हथियार गिर गया जिसे एक युवक ने उसे दिया। घटना की जानकारी के बाद बिहरा थानाध्यक्ष रसाल भूषण घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की छानबीन की। थानाध्यक्ष ने बताया कि दोनों बदमाशों के बारे में पुलिस पता लगा रही है। साथ ही बदमाश के गिरे हथियार की बरामदगी के लिए छापेमारी की जा रही है।
पुलिस ने बताया कि हथियार किस युवक ने छुपाया है इस बात की जानकारी मिल गई है। अपराधी कौन था और हथियार लेकर किस उद्देश्य से बाजार में घूम रहा था इसकी भी पुलिस छानबीन कर रही है। बताया जाता है गत सप्ताह भी सत्तर कटैया हाट बाजार में बदमाशों ने फायरिंग की थी, वहीं पेट्रोल पम्प विशनपुर में भी बाइक सवार तीन बदमाश लूट के इरादे से आये थे जहां नोजल मेन ने साहस दिखाते हुए हथियार छीन लिया था।
क्षेत्र में बढ़ रही आपराधिक घटना से आमलोगों में तरह-तरह की चर्चाएं चल रही है। अबतक किसी भी मामले का पटापेक्ष नहीं होने एवं कांड का खुलासा नहीं होने से बदमाशों का मनोबल बढ़ रहा है। सूत्र बताते हैं कि इलाके में खुलेआम नशीली वस्तु के मिलने के कारण भी यहां बदमाशों की चहलकदमी बढ़ गयी है। समुचित पुलिस की गश्ती नहीं होने से अपराधी खुलेआम घूम रहे हैं।
