कोशी लाइव:AKKY
भागलपुर के जगदीशपुर प्रखंड कार्यालय परिसर से निगरानी की टीम ने प्रभारी प्रखंड पंचायती राज पदाधिकारी सह पंचायत सचिव अनूप लाल मंडल को रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया।
पटना से पहुंची सात सदस्यीय टीम ने आरोपी के पास से 45 हजार रुपये बरामद किया। इसके बाद आरोपी को अपने साथ ले गई। सोमवार की दोपहर कार्रवाई के बाद प्रखंड कार्यालय में हड़कंप मच गया।
पुरैनी दक्षिणी पंचायत के वार्ड संख्या नौ के सदस्य मो. आलमगीर ने बताया कि उनके वार्ड में मुख्यमंत्री सात निश्चय योजना के तहत विकास कार्य कराने के लिए पंचायत सचिव एवं तीन लोगों ने एक लाख 50 हजार रिश्वत की मांग की थी। इसके पहले हमने 80 हजार रुपये दे दिये थे। लेकिन शेष राशि देने के लिए लगातार अनूप लाल मंडल दबाव बना रहा था। मैंने इसकी शिकायत प्रखंड से लेकर जिलास्तर तक की, लेकिन किसी ने नहीं सुनी।
उसके बाद निगरानी विभाग से शिकायत की। उसके बाद सात सदस्यीय टीम जगदीशपुर पहुंचकर कार्रवाई की। प्रखंड कार्यालय में निगरानी की कार्रवाई को देखते ही कई कर्मी खिसक गये। वहीं प्रखंड कार्यालय में काम कराने आये लोग कार्रवाई की चर्चा करने रहे।
