Kosi Live-कोशी लाइव भारत-नेपाल सीमा पर SSB की बड़ी कार्रवाई, 2.84 लाख भारतीय-नेपाली रुपये के साथ नेपाली मवेशी व्यापारी गिरफ्तार; बाइक जब्त - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Thursday, November 5, 2026

भारत-नेपाल सीमा पर SSB की बड़ी कार्रवाई, 2.84 लाख भारतीय-नेपाली रुपये के साथ नेपाली मवेशी व्यापारी गिरफ्तार; बाइक जब्त

भारत-नेपाल सीमा पर SSB की बड़ी कार्रवाई, 2.84 लाख भारतीय-नेपाली रुपये के साथ नेपाली मवेशी व्यापारी गिरफ्तार; बाइक जब्त

किशनगंज। भारत-नेपाल सीमा पर तैनात सशस्त्र सीमा बल (SSB) के जवानों ने अवैध रूप से निर्धारित सीमा से अधिक भारतीय मुद्रा ले जाने के मामले में एक नेपाली मवेशी व्यापारी को गिरफ्तार किया है। उसके पास से 2 लाख 5 हजार 500 रुपये भारतीय मुद्रा और 79 हजार नेपाली रुपये बरामद किए गए हैं। कार्रवाई के दौरान उसकी होंडा शाइन मोटरसाइकिल भी जब्त की गई है।

यह कार्रवाई 19वीं वाहिनी एसएसबी की एफ कंपनी धनतोला के जवानों ने सीमा स्तंभ संख्या 128 के पास की। गिरफ्तार व्यक्ति की पहचान 44 वर्षीय वारेक सेक, पिता सेक मोहम्मद, निवासी शरणामती वार्ड नंबर-2, राजगढ़, नेपाल के रूप में हुई है।

सूचना पर एसएसबी ने रोकी बाइक

जानकारी के अनुसार, एसएसबी को गुप्त सूचना मिली थी कि एक नेपाली नागरिक मोटरसाइकिल से भारतीय रुपये लेकर नेपाल जाने वाला है। सूचना मिलते ही पार्टी कमांडर इंस्पेक्टर गौर मोहन रॉय के नेतृत्व में गश्ती दल को सतर्क किया गया। जवानों ने सीमा की ओर जा रहे बाइक सवार को रोककर उसकी तलाशी ली।

तलाशी में भारतीय और नेपाली मुद्रा बरामद

तलाशी के दौरान उसके पास से भारतीय मुद्रा के 500 रुपये के 411 नोट बरामद हुए, जिनकी कुल कीमत 2 लाख 5 हजार 500 रुपये है। इसके अलावा नेपाली मुद्रा के 1000 रुपये के 49 नोट और 500 रुपये के 60 नोट मिले। नेपाली मुद्रा की कुल राशि 79 हजार रुपये बताई गई है।

मवेशी बेचकर नेपाल लौट रहा था व्यापारी

पूछताछ में गिरफ्तार व्यक्ति ने बताया कि वह मवेशियों का व्यापार करता है। वह लोहागाड़ा हाट में मवेशी बेचने आया था। मवेशी बिक्री से प्राप्त रकम लेकर मोटरसाइकिल से नेपाल स्थित अपने घर लौट रहा था।

कस्टम कार्यालय को सौंपा गया आरोपी

एसएसबी ने आवश्यक कागजी प्रक्रिया पूरी करने के बाद बरामद भारतीय और नेपाली मुद्रा, जब्त मोटरसाइकिल तथा गिरफ्तार व्यक्ति को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए सीमा शुल्क कार्यालय ठाकुरगंज को सौंप दिया।

13 अक्टूबर को भी पकड़ा गया था नेपाली व्यापारी

गौरतलब है कि इससे पहले 13 अक्टूबर को भी इसी सीमा क्षेत्र में एसएसबी ने 2 लाख 1 हजार रुपये भारतीय मुद्रा के साथ एक नेपाली मवेशी व्यापारी को गिरफ्तार किया था। लगातार इस तरह की घटनाएं सामने आने के बाद भारत-नेपाल सीमा पर नकदी के आवागमन और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठने लगे हैं।