Kosi Live-कोशी लाइव सुपौल में SSB का बड़ा एक्शन, 126 किलो गांजा जब्त; स्कॉर्पियो लेकर अंधेरे में भागे तस्कर - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Wednesday, November 18, 2026

सुपौल में SSB का बड़ा एक्शन, 126 किलो गांजा जब्त; स्कॉर्पियो लेकर अंधेरे में भागे तस्कर

सुपौल में SSB का बड़ा एक्शन, 126 किलो गांजा जब्त; स्कॉर्पियो लेकर अंधेरे में भागे तस्कर

वीरपुर (सुपौल): भारत-नेपाल अंतरराष्ट्रीय सीमा पर मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ सशस्त्र सीमा बल (SSB) ने बड़ी कार्रवाई की है। 45वीं वाहिनी SSB ने फतेहपुर के पास छापेमारी कर 126 किलोग्राम गांजा बरामद किया है। तस्कर स्कॉर्पियो वाहन से गांजा लेकर जा रहे थे, लेकिन सुरक्षा बल के जवानों को देखकर वाहन समेत अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए।

SSB से मिली जानकारी के अनुसार, वाहिनी मुख्यालय वीरपुर और सीमा चौकी फतेहपुर की संयुक्त नाका पार्टी नियमित गश्ती और निगरानी में तैनात थी। इसी दौरान सीमा स्तंभ संख्या 204/02 के समीप जवानों की नजर एक संदिग्ध स्कॉर्पियो पर पड़ी। जवानों ने वाहन को रोकने का प्रयास किया, लेकिन चालक तेज रफ्तार से वाहन लेकर अंधेरे में निकल गया।

इसके बाद जवानों ने घटनास्थल और आसपास के इलाकों में सघन तलाशी अभियान चलाया। तलाशी के दौरान चार प्लास्टिक की बोरियां बरामद हुईं। जांच और वजन करने पर बोरियों से कुल 126 किलोग्राम गांजा मिला। SSB ने जब्ती और सीलिंग की प्रक्रिया पूरी करने के बाद बरामद गांजे को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए वीरपुर थाना पुलिस को सौंप दिया।

14 नवंबर को भी 253 किलो गांजा हुआ था बरामद

भारत-नेपाल सीमा से सटे खोंटाहा और लालपुर इलाके में लगातार गांजा तस्करी के प्रयास सामने आ रहे हैं। तस्कर खेत-खलिहानों और झाड़ियों में मादक पदार्थ छिपाने के साथ वाहनों के जरिए भी तस्करी करने की कोशिश कर रहे हैं।

इससे पहले 14 नवंबर 2026 को भी SSB ने लालपुर क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई करते हुए स्कॉर्पियो से 253 किलोग्राम गांजा बरामद किया था। लगातार हो रही बरामदगी से सीमावर्ती इलाकों में सक्रिय तस्करी नेटवर्क पर सुरक्षा एजेंसियों की नजर बनी हुई है।

सीमा पर तस्करी रोकने के लिए अभियान तेज

45वीं वाहिनी SSB के कमांडेंट गौरव सिंह ने बताया कि भारत-नेपाल सीमा पर अवैध गतिविधियों और मादक पदार्थों की तस्करी रोकने के लिए लगातार निगरानी और गश्ती की जा रही है। सीमा सुरक्षा मजबूत करने और तस्करी पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए अभियान जारी है।

उन्होंने कहा कि अन्य सुरक्षा एवं जांच एजेंसियों के साथ समन्वय बनाकर आगे भी संयुक्त कार्रवाई की जाएगी।

Kosi Live की रिपोर्ट