सुपौल: जिले के पिपरा थाना क्षेत्र अंतर्गत थूमहा बाजार में मंगलवार की रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में 19 वर्षीय युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बाइक पर सवार उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया। धनतेरस पर नई बाइक खरीदने की खुशी कुछ ही दिनों में मातम में बदल गई।
मिली जानकारी के अनुसार, थूमहा वार्ड संख्या-7 निवासी लालो राम का पुत्र रोहित राम मंगलवार की रात अपने साथी श्रवण कुमार के साथ बाइक से थूमहा बाजार जा रहा था। इसी दौरान सुपौल की ओर से सब्जी लेकर पिपरा जा रहे एक पिकअप वाहन से बाइक की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई।
टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे में 19 वर्षीय रोहित राम की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि बाइक पर पीछे बैठे श्रवण कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए। घायल श्रवण कुमार त्रिवेणीगंज थाना क्षेत्र के गढ़िया गांव निवासी सुरेंद्र राम के पुत्र बताए जा रहे हैं। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।
इकलौते बेटे की मौत से परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
रोहित अपने पिता लालो राम का इकलौता बेटा था। उसकी तीन बहनों की शादी हो चुकी थी। परिवार में धनतेरस के मौके पर नई बाइक खरीदने को लेकर काफी खुशी थी, लेकिन किसी को अंदाजा नहीं था कि यही बाइक कुछ दिनों बाद परिवार के लिए दर्दनाक याद बन जाएगी।
इकलौते बेटे की मौत की खबर मिलते ही पिता लालो राम सदमे में चले गए, जबकि मां छेदनी देवी का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। बुधवार सुबह पोस्टमार्टम के बाद रोहित का शव घर पहुंचा तो परिजनों की चीख-पुकार से पूरा गांव गमगीन हो गया। बेटे का शव देखते ही मां बेसुध हो गईं।
पिकअप जब्त, चालक पुलिस को चकमा देकर फरार
हादसे के बाद पिकअप चालक को एंबुलेंस से इलाज के लिए ले जाया जा रहा था, लेकिन वह पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त पिकअप वाहन को जब्त कर लिया है। चालक का नाम-पता दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
घटना की सूचना मिलने पर सदर डीएसपी राजीव रंजन घटनास्थल पहुंचे। उन्होंने परिजनों और स्थानीय लोगों से घटना की जानकारी ली तथा शोकाकुल परिवार को सांत्वना दी।
डीएसपी ने बताया कि सड़क दुर्घटना में एक युवक की मौत हुई है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। मामले में पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।
Kosi Live की रिपोर्ट