Kosi Live-कोशी लाइव बिहार में शराब तस्करी की शिकायत करना हुआ आसान, QR कोड स्कैन करते ही विभाग तक पहुंचेगी सूचना; घर बैठे करें शिकायत - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Wednesday, November 18, 2026

बिहार में शराब तस्करी की शिकायत करना हुआ आसान, QR कोड स्कैन करते ही विभाग तक पहुंचेगी सूचना; घर बैठे करें शिकायत

बिहार में शराब तस्करी की शिकायत करना हुआ आसान, QR कोड स्कैन करते ही विभाग तक पहुंचेगी सूचना; घर बैठे करें शिकायत

सहरसा: बिहार में शराब के अवैध कारोबार, बिक्री और तस्करी पर लगाम लगाने के लिए मद्यनिषेध, उत्पाद एवं निबंधन विभाग ने नई डिजिटल पहल शुरू की है। अब आम लोग मोबाइल से क्यूआर कोड स्कैन कर शराब से जुड़ी शिकायत सीधे विभाग तक पहुंचा सकेंगे। इसके लिए न तो सरकारी कार्यालय जाने की जरूरत होगी और न ही किसी अधिकारी से व्यक्तिगत रूप से मिलने की आवश्यकता पड़ेगी।

QR कोड स्कैन करते ही खुलेगा चैटबॉट

सहरसा में उत्पाद विभाग की ओर से इस सुविधा को आम लोगों तक पहुंचाने की पहल की जा रही है। उत्पाद निरीक्षक संजीत कुमार ने बताया कि विभाग द्वारा जारी क्यूआर कोड को मोबाइल से स्कैन करने पर चैटबॉट खुलेगा। इसके माध्यम से कोई भी व्यक्ति शराब की अवैध बिक्री, कारोबार और अन्य संबंधित गतिविधियों की शिकायत दर्ज करा सकता है।

इस डिजिटल व्यवस्था के तहत लोग घर बैठे ही अपनी शिकायत विभाग तक पहुंचा सकेंगे। इससे शिकायत दर्ज कराने की प्रक्रिया आसान और सुविधाजनक होगी।

शिकायत मिलते ही होगी कार्रवाई

विभाग का कहना है कि चैटबॉट के माध्यम से प्राप्त शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई की जाएगी। इस पहल से शराब के अवैध कारोबार पर निगरानी रखने में मदद मिलने की उम्मीद है। खासकर उन लोगों को इससे सहूलियत होगी, जो अपने आसपास शराब की बिक्री या तस्करी की जानकारी तो देना चाहते हैं, लेकिन सीधे कार्यालय जाकर शिकायत नहीं कर पाते हैं।

नशामुक्त बिहार अभियान में आम लोगों से सहयोग की अपील

उत्पाद निरीक्षक संजीत कुमार ने आम लोगों से नशामुक्त बिहार अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की है। उन्होंने कहा कि शराब से संबंधित किसी भी तरह की अवैध गतिविधि की जानकारी मिलने पर विभाग द्वारा जारी क्यूआर कोड का इस्तेमाल कर शिकायत दर्ज कराएं।

विभाग का मानना है कि जनसहयोग और डिजिटल तकनीक के माध्यम से शराबबंदी कानून को और प्रभावी बनाया जा सकता है। इस पहल का मुख्य उद्देश्य आम लोगों की भागीदारी बढ़ाना और बिहार में शराब के अवैध कारोबार पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करना है।

Kosi Live की रिपोर्ट