सुपौल। जिले के जदिया थाना परिसर से एक ऐसी तस्वीर सोशल मीडिया पर वायरल हुई है, जिसने पुलिस महकमे में हलचल मचा दी है। वायरल तस्वीर में जदिया थानाध्यक्ष राजकिशोर मंडल को एक कथित आपराधिक मामलों के आरोपित द्वारा माला पहनाकर स्वागत करते हुए दिखाया गया है। मामला सामने आने के बाद पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठने लगे हैं। वहीं, सुपौल एसपी शरथ आरएस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए वायरल तस्वीर की सत्यता की जांच के आदेश दिए हैं।
वायरल तस्वीर में माला पहनाते दिख रहे व्यक्ति की पहचान मधेपुरा जिले के सिंहेश्वर थाना क्षेत्र के मजरहट निवासी राजेश कुमार उर्फ राजेश मंडल के रूप में बताई जा रही है। बताया जाता है कि राजेश मंडल पर वर्ष 2021 में जदिया थाना क्षेत्र में हुए एसबीआई एटीएम लूटकांड और गनमैन की हत्या सहित हत्या, लूट, हत्या के प्रयास और छिनतई जैसे कई गंभीर आपराधिक मामलों में संलिप्तता के आरोप हैं।
वरीय अधिकारियों से शिकायत, थानाध्यक्ष को हटाने की मांग
मामले को लेकर परसागढ़ी उत्तर पंचायत के वार्ड संख्या-10 निवासी हृदयनारायण मिश्र ने पुलिस के वरीय अधिकारियों को लिखित शिकायत देकर निष्पक्ष और उच्चस्तरीय जांच की मांग की है। शिकायतकर्ता ने वर्तमान थानाध्यक्ष को हटाने के साथ राजेश मंडल की गिरफ्तारी की मांग भी उठाई है।
शिकायत में आरोप लगाया गया है कि राजेश मंडल अपने ननिहाल परसागढ़ी में रहता है। उसके खिलाफ जदिया, त्रिवेणीगंज और राघोपुर सहित विभिन्न थानों में लूट, हत्या के प्रयास और छिनतई जैसे मामले दर्ज हैं।
स्मैक, गांजा और नशीले इंजेक्शन के कारोबार को लेकर भी सवाल
वायरल तस्वीर के बाद थाना क्षेत्र में कथित अवैध नशे के कारोबार को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि क्षेत्र में स्मैक, गांजा, शराब और नशीले इंजेक्शन का कारोबार जारी है। लोगों ने राजेश मंडल, मनोज मंडल और उनके सहयोगियों की गिरफ्तारी के साथ थानाध्यक्ष को हटाने की मांग की है। हालांकि, इन आरोपों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
थानाध्यक्ष ने कहा- मुझे मामले की जानकारी नहीं
वायरल तस्वीर और लगाए गए आरोपों के संबंध में जब जदिया थानाध्यक्ष राजकिशोर मंडल से पक्ष जानने का प्रयास किया गया तो उन्होंने मामले की जानकारी होने से इनकार किया। उन्होंने कहा कि उन्हें इस संबंध में कुछ पता नहीं है। किसी ने फोटो खींच लिया होगा, इसकी भी उन्हें जानकारी नहीं है। उन्होंने वायरल तस्वीर भेजने की बात कही।
2024 में राजेश मंडल पर सीसीए की कार्रवाई की हुई थी अनुशंसा
इस पूरे मामले में सबसे अहम बात यह है कि वर्ष 2024 में जदिया पुलिस की ओर से राजेश मंडल के खिलाफ सीसीए (क्राइम कंट्रोल एक्ट) के तहत कार्रवाई की अनुशंसा की गई थी। बताया जाता है कि इस संबंध में प्रस्ताव वरीय अधिकारियों को भेजा गया था।
ऐसे में जिस व्यक्ति के खिलाफ पहले गंभीर आपराधिक गतिविधियों में संलिप्तता के आरोपों के आधार पर सीसीए की कार्रवाई की अनुशंसा की गई थी, उसी व्यक्ति का थाना परिसर में थानाध्यक्ष को माला पहनाकर स्वागत करते हुए दिखाई देना चर्चा का विषय बन गया है।
एसपी शरथ आरएस ने दिए जांच के आदेश
मामले की गंभीरता को देखते हुए सुपौल एसपी शरथ आरएस ने वायरल तस्वीर और रील की सत्यता की जांच के आदेश दिए हैं। उन्होंने बताया कि तस्वीर की पड़ताल की जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि वायरल तस्वीर कब और किन परिस्थितियों में ली गई थी तथा थाना परिसर में संबंधित व्यक्ति की मौजूदगी के पीछे क्या वजह थी। अब सबकी नजर पुलिस जांच और एसपी की अगली कार्रवाई पर टिकी है।
Kosi Live की रिपोर्ट
नई सोच नई खबर | www.kosilive.com