Kosi Live-कोशी लाइव OMG😱सुपौल में थानाध्यक्ष को कथित अपराधी ने पहनाई माला, फोटो-वीडियो वायरल; सांठगांठ के आरोप में उच्चस्तरीय जांच की मांग - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Sunday, November 22, 2026

OMG😱सुपौल में थानाध्यक्ष को कथित अपराधी ने पहनाई माला, फोटो-वीडियो वायरल; सांठगांठ के आरोप में उच्चस्तरीय जांच की मांग

सुपौल में थानाध्यक्ष को कथित अपराधी ने पहनाई माला, फोटो-वीडियो वायरल; सांठगांठ के आरोप में उच्चस्तरीय जांच की मांग
सुपौल (त्रिवेणीगंज)। जिले के जदिया थाना से जुड़ा एक मामला इन दिनों सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है। जदिया थानाध्यक्ष राजकिशोर मंडल को एक कथित कुख्यात अपराधी द्वारा माला पहनाकर स्वागत किए जाने की तस्वीर और वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं। बताया जा रहा है कि यह तस्वीर थानाध्यक्ष के पदभार ग्रहण करने के बाद थाना परिसर की है।

मामले को लेकर परसागढ़ी उत्तर पंचायत के वार्ड संख्या-10 निवासी हृदयनारायण मिश्र ने पुलिस विभाग के वरीय अधिकारियों से लिखित शिकायत कर निष्पक्ष और उच्चस्तरीय जांच की मांग की है। शिकायतकर्ता ने थानाध्यक्ष को तत्काल पद से हटाने और संबंधित आरोपितों की गिरफ्तारी की मांग भी की है।

थानाध्यक्ष और कथित अपराधी के बीच सांठगांठ का आरोप

शिकायत में मधेपुरा जिले के सिंहेश्वर थाना क्षेत्र के मजरहट निवासी राजेश कुमार उर्फ राजेश मंडल पर गंभीर आरोप लगाए गए हैं। शिकायतकर्ता के अनुसार, राजेश मंडल पर जदिया, त्रिवेणीगंज, राघोपुर समेत अन्य थानों में लूट, हत्या के प्रयास और छिनतई जैसे कई आपराधिक मामले दर्ज हैं।

हृदयनारायण मिश्र का आरोप है कि वर्तमान थानाध्यक्ष राजकिशोर मंडल और राजेश मंडल के बीच नजदीकी संबंध हैं। कथित अपराधी का थाना परिसर में आना-जाना और पुलिस पदाधिकारियों के साथ उसकी तस्वीरें कई सवाल खड़े कर रही हैं।

शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया है कि राजेश मंडल पुलिस संरक्षण का लाभ उठाकर क्षेत्र में रंगदारी वसूलने, विरोध करने वालों के साथ मारपीट करने और झूठे मुकदमों में फंसाने जैसी गतिविधियों में शामिल है। हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।

28 अक्टूबर की घटना में भी कार्रवाई नहीं करने का आरोप

शिकायत में 28 अक्टूबर की शाम हुई एक घटना का भी उल्लेख किया गया है। शिकायतकर्ता का आरोप है कि घटना को लेकर थाना में आवेदन देने के बावजूद आरोपितों के खिलाफ ठोस कार्रवाई नहीं की गई।

उनका दावा है कि उनके आवेदन पर प्राथमिकी दर्ज करने के साथ ही आरोपित पक्ष के प्रभाव में एक कथित फर्जी मुकदमा भी दर्ज किया गया। शिकायतकर्ता ने यह भी आरोप लगाया है कि राजेश मंडल और मनोज मंडल खुलेआम घूम रहे हैं तथा केस उठाने का दबाव बना रहे हैं। ऐसा नहीं करने पर पूरे परिवार की हत्या करने की धमकी देने का भी आरोप लगाया गया है।

थानाध्यक्ष को हटाने और आरोपितों की गिरफ्तारी की मांग

हृदयनारायण मिश्र ने वरीय पुलिस अधिकारियों से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। उन्होंने आशंका जताई है कि थानाध्यक्ष के पद पर बने रहने से जांच प्रभावित हो सकती है। इसी आधार पर राजकिशोर मंडल को जदिया थाना से तत्काल हटाने की मांग की गई है।

इसके अलावा राजेश कुमार उर्फ राजेश मंडल, मनोज मंडल और उनके सहयोगियों की गिरफ्तारी कर कानूनी कार्रवाई करने की मांग भी की गई है।

थानाध्यक्ष बोले- फोटो की जानकारी नहीं

वहीं, वायरल तस्वीर और वीडियो को लेकर जदिया थानाध्यक्ष राजकिशोर मंडल ने कहा कि उन्हें इस फोटो की कोई जानकारी नहीं है। उन्होंने बताया कि किसी ने तस्वीर खींच ली होगी। थानाध्यक्ष ने संबंधित फोटो भेजने की बात कहते हुए शिकायतकर्ता से तस्वीर की जानकारी मांगी है।

फिलहाल मामला पुलिस के वरीय अधिकारियों तक पहुंच गया है। अब देखना होगा कि वायरल तस्वीरों और शिकायत में लगाए गए आरोपों की जांच में क्या तथ्य सामने आते हैं और पुलिस प्रशासन इस मामले में क्या कार्रवाई करता है।

Kosi Live की रिपोर्ट