Kosi Live-कोशी लाइव PURNEA: मोबाइल की छिनतई को बताया गुमशुदगी, एसएसपी ने थानाध्यक्ष को किया सस्पेंड; विभागीय जांच भी शुरू - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Wednesday, November 18, 2026

PURNEA: मोबाइल की छिनतई को बताया गुमशुदगी, एसएसपी ने थानाध्यक्ष को किया सस्पेंड; विभागीय जांच भी शुरू

पूर्णिया में पुलिसिया लापरवाही पर बड़ी कार्रवाई: मोबाइल छिनतई की प्राथमिकी दर्ज करने के बजाय गुमशुदगी का सनहा दर्ज करने वाले मीरगंज थानाध्यक्ष निलंबित

पूर्णिया: जिले में पुलिसिया लापरवाही के मामले में वरीय पुलिस अधीक्षक डॉ. शौर्य सुमन ने सख्त कार्रवाई की है। मोबाइल छिनतई की घटना को चोरी या छिनतई का मामला मानकर प्राथमिकी दर्ज करने के बजाय गुमशुदगी का सनहा दर्ज करना मीरगंज थानाध्यक्ष आदित्य किरण को महंगा पड़ गया। मामले में कर्तव्य के प्रति घोर लापरवाही और अनुशासनहीनता बरतने के आरोप में एसएसपी ने उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।

यह कार्रवाई अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, धमदाहा की जांच रिपोर्ट के आधार पर की गई है। निलंबन अवधि के दौरान उनका मुख्यालय पुलिस केंद्र, पूर्णिया निर्धारित किया गया है। साथ ही उनके विरुद्ध विभागीय कार्रवाई भी शुरू कर दी गई है।

मोबाइल छिनतई की घटना को बना दिया गुमशुदगी का मामला

मामला बीते 3 नवंबर का है। बड़हरा थाना क्षेत्र के निवासी शिव कुमार शर्मा अपनी भाभी के इलाज के लिए मोटरसाइकिल से मीरगंज जा रहे थे। इसी दौरान मीरगंज थाना क्षेत्र के बिस्किट फैक्ट्री के पास दो अज्ञात अपराधियों ने उनकी बाइक रुकवाई और मोबाइल फोन छीनकर फरार हो गए।

घटना के बाद पीड़ित ने मीरगंज थाना पहुंचकर पुलिस से शिकायत की। लेकिन आरोप है कि छिनतई जैसी गंभीर घटना में प्राथमिकी दर्ज करने के बजाय पुलिस ने मोबाइल गुम होने का साधारण सनहा दर्ज कर मामले को हल्के में ले लिया।

दोबारा आवेदन देने के बाद भी नहीं हुई कार्रवाई

पीड़ित शिव कुमार शर्मा ने अपना सिम कार्ड ब्लॉक कराने के बाद मोबाइल के अनधिकृत इस्तेमाल की आशंका जताई और दोबारा थाने में आवेदन दिया। इसके बावजूद स्थानीय पुलिस की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई।

मामले की जांच अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, धमदाहा ने की। जांच में थानाध्यक्ष की कार्यशैली में लापरवाही सामने आई और इसे वरीय अधिकारियों के निर्देशों की अनदेखी माना गया।

वरीय अधिकारियों के निर्देशों की अवहेलना पड़ी भारी

पुलिस मुख्यालय और वरीय अधिकारियों की ओर से सभी थानाध्यक्षों को स्पष्ट निर्देश दिया गया था कि मोबाइल चोरी और छिनतई की घटनाओं में घटना की वास्तविक प्रकृति के अनुसार प्राथमिकी दर्ज की जाए। इसके बावजूद मीरगंज थानाध्यक्ष ने छिनतई की घटना को गुमशुदगी का मामला बना दिया।

वरीय पुलिस अधिकारियों ने इस मामले को गंभीर कदाचार मानते हुए थानाध्यक्ष आदित्य किरण को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। उनके विरुद्ध विभागीय कार्रवाई भी शुरू कर दी गई है।

इस कार्रवाई के बाद पुलिस महकमे में स्पष्ट संदेश गया है कि पीड़ितों की शिकायतों को गंभीरता से लेना और निर्धारित कानूनी प्रक्रिया का पालन करना प्रत्येक पुलिस पदाधिकारी की जिम्मेदारी है।