Kosi Live-कोशी लाइव पूर्णिया में तेज रफ्तार ऑल्टो कार 10 मीटर दूर गड्ढे में पलटी, दो युवक गंभीर रूप से घायल; कार पर नहीं था रजिस्ट्रेशन नंबर - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Wednesday, November 18, 2026

पूर्णिया में तेज रफ्तार ऑल्टो कार 10 मीटर दूर गड्ढे में पलटी, दो युवक गंभीर रूप से घायल; कार पर नहीं था रजिस्ट्रेशन नंबर

पूर्णिया में तेज रफ्तार ऑल्टो कार 10 मीटर दूर गड्ढे में पलटी, दो युवक गंभीर रूप से घायल; कार पर नहीं था रजिस्ट्रेशन नंबर

पूर्णिया: जिले के केनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत काझा स्थित घरारी मोड़ के पास मंगलवार देर शाम तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला। अनियंत्रित ऑल्टो कार सड़क से करीब 10 मीटर दूर गड्ढे में पलट गई। इस भीषण हादसे में कार सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना में कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हैरानी की बात यह है कि दुर्घटनाग्रस्त कार पर कोई रजिस्ट्रेशन नंबर नहीं था।

घायलों की पहचान काझा गांव निवासी सक्षम कुमार (20), पिता चंदन चौधरी और कार चालक मुखू कुमार के रूप में हुई है। दोनों काझा पंचायत के रहने वाले हैं।

ग्रामीणों ने पहुंचाया अस्पताल

हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए दोनों घायलों को दुर्घटनाग्रस्त कार से बाहर निकाला और इलाज के लिए राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय एवं अस्पताल (जीएमसीएच), पूर्णिया पहुंचाया। बताया जा रहा है कि कार चालक मुखू कुमार की हालत गंभीर बनी हुई है।

तेज रफ्तार के कारण हुआ हादसा

स्थानीय लोगों के अनुसार, कार काफी तेज रफ्तार में थी। इसी दौरान चालक ने वाहन से नियंत्रण खो दिया, जिसके बाद कार सड़क से करीब 10 मीटर दूर गड्ढे में पलट गई।

पुलिस के देर से पहुंचने पर ग्रामीणों में नाराजगी

घटना की सूचना केनगर पुलिस को दी गई थी। हालांकि, स्थानीय ग्रामीणों का आरोप है कि सूचना देने के काफी देर बाद भी पुलिस घटनास्थल पर नहीं पहुंची। पुलिस की कथित देरी को लेकर ग्रामीणों में नाराजगी देखी गई।

फिलहाल दोनों घायलों का अस्पताल में इलाज जारी है। दुर्घटनाग्रस्त कार पर रजिस्ट्रेशन नंबर नहीं होने का मामला भी चर्चा का विषय बना हुआ है।