शेखपुरा: बिहार के शेखपुरा जिले में मंगलवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। चेवाड़ा थाना क्षेत्र के कपासी मोड़ के समीप तेज रफ्तार आर्टिगा कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से टकरा गई। इस भीषण दुर्घटना में 33 वर्षीय महिला की मौत हो गई, जबकि नौ अन्य लोग घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
मुंडन संस्कार में शामिल होने देवघर जा रहा था परिवार
जानकारी के अनुसार, नालंदा जिले के सारे थाना क्षेत्र अंतर्गत जियर गांव निवासी किरण देवी के बेटे का मुंडन संस्कार झारखंड के देवघर में होना था। इसी कार्यक्रम में शामिल होने के लिए परिवार के सदस्य और रिश्तेदार आर्टिगा कार से देवघर जा रहे थे।
कार में चालक समेत कुल 12 लोग सवार थे। इनमें किरण देवी, उनका बेटा, अंजीत चौरसिया, मथुरा चौरसिया, सुनीता देवी, दिलखुश कुमार, रविराज कुमार, सुदामा कुमार, रेखा देवी और नेहा देवी सहित अन्य लोग शामिल थे।
इलाज के दौरान महिला की मौत
हादसे में वैशाली जिले के गोरौलधानी गांव निवासी हरिश्चंद्र चौरसिया की पत्नी सुनीता देवी (33 वर्ष) गंभीर रूप से घायल हो गईं। वह किरण देवी की चचेरी सास बताई जा रही हैं। उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए पावापुरी स्थित हायर सेंटर रेफर किया गया, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई।
वहीं, दुर्घटना में घायल अन्य लोगों को भी इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।
मुंडन की खुशियां मातम में बदलीं
जिस परिवार में बच्चे के मुंडन संस्कार को लेकर खुशियों का माहौल था, वहां इस दर्दनाक हादसे के बाद मातम पसर गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। किरण देवी ने बताया कि उनके मायके घाटकोसुम्भा के पानापुर गांव के भी कई लोग इस कार्यक्रम में शामिल होने के लिए जा रहे थे, जो हादसे में घायल हुए हैं।
पुलिस ने की घटना की पुष्टि
घटना की पुष्टि करते हुए यातायात थाना प्रभारी त्रिपुरारी कुमार ने बताया कि सड़क दुर्घटना में नौ लोग घायल हुए हैं, जबकि एक महिला की मौत हुई है। पुलिस मामले की जानकारी जुटा रही है।
Kosi Live की रिपोर्ट