Kosi Live-कोशी लाइव बिहार में लग्जरी बस से 2,991 लीटर अंग्रेजी शराब बरामद, 36 लाख की खेप जब्त; उत्तराखंड का युवक गिरफ्तार - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Wednesday, November 18, 2026

बिहार में लग्जरी बस से 2,991 लीटर अंग्रेजी शराब बरामद, 36 लाख की खेप जब्त; उत्तराखंड का युवक गिरफ्तार

बिहार में लग्जरी बस से 2,991 लीटर अंग्रेजी शराब बरामद, 36 लाख की खेप जब्त; उत्तराखंड का युवक गिरफ्तार

बक्सर: बिहार में शराबबंदी के बावजूद शराब तस्करी का कारोबार थमने का नाम नहीं ले रहा है। तस्करों ने अब लग्जरी यात्री बसों को शराब तस्करी का जरिया बना लिया है। ताजा मामला बक्सर जिले के वीर कुंवर सिंह सेतु का है, जहां उत्पाद विभाग की टीम ने एक लग्जरी बस से 338 पेटियों में छिपाकर रखी गई कुल 2,991 लीटर अंग्रेजी शराब बरामद की है। जब्त शराब की कीमत करीब 36 लाख रुपये आंकी गई है। इस मामले में उत्तराखंड के एक 23 वर्षीय युवक को गिरफ्तार किया गया है।

गिरफ्तार युवक की पहचान उत्तराखंड के नैनीताल जिले के हल्द्वानी स्थित काठगोदाम निवासी सुदीप थापा, पिता विक्रम थापा के रूप में हुई है।

चेकपोस्ट पर रुकने के बजाय भागने लगी बस

उत्पाद अधीक्षक अशरफ जमाल के अनुसार, वीर कुंवर सिंह सेतु स्थित उत्पाद चेकपोस्ट पर नियमित जांच के दौरान टीम ने एक लग्जरी बस को रुकने का इशारा किया। लेकिन बस चालक ने रुकने के बजाय वाहन की रफ्तार बढ़ा दी और आगे निकलने लगा।

इसके बाद उत्पाद विभाग की टीम ने बस का पीछा शुरू किया और करीब दो किलोमीटर तक पीछा करने के बाद उसे पकड़ लिया।

बस में बने गुप्त तहखानों से मिली शराब की खेप

बस की तलाशी लेने पर उत्पाद विभाग की टीम को उसमें विशेष रूप से बनाए गए गुप्त तहखाने मिले। इन तहखानों में शराब की पेटियां छिपाकर रखी गई थीं। जांच और गिनती के दौरान कुल 338 पेटियों से 2,991 लीटर अंग्रेजी शराब बरामद की गई।

इतनी बड़ी मात्रा में शराब मिलने के बाद उत्पाद विभाग की टीम ने बस को जब्त कर लिया और गिरफ्तार युवक से पूछताछ शुरू कर दी।

दिल्ली से बिहार तक फैले नेटवर्क की जांच

उत्पाद विभाग अब यह पता लगाने में जुटा है कि शराब की खेप कहां से लाई गई थी और बिहार के किस शहर में इसकी डिलीवरी की जानी थी। बस चालक और अन्य कर्मचारियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।

जांच एजेंसी को आशंका है कि दिल्ली से पटना सहित बिहार के विभिन्न शहरों में चलने वाली लग्जरी यात्री बसों में यात्रियों की आड़ लेकर शराब की तस्करी की जा रही थी। बसों में गुप्त तहखाने बनाकर शराब छिपाई जा रही थी, ताकि चेकिंग के दौरान पुलिस और उत्पाद विभाग की नजरों से बचा जा सके।

फिलहाल उत्पाद विभाग पूरे तस्करी नेटवर्क का पता लगाने में जुटा है। इस कार्रवाई के बाद शराब तस्करों के बीच हड़कंप मचा हुआ है।