कोशी लाइव @ मधेपुरा से पप्पू मेहता की रिपोर्ट
मधेपुरा। जिला मुख्यालय स्थित आरआर ग्रीन फील्ड स्कूल में बच्चों के बीच रंगोली प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में स्कूल के विभिन्न वर्गों के बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और रंग-बिरंगी रंगोलियों के माध्यम से अपनी रचनात्मकता एवं प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
बल शिक्षण के सहयोग से आयोजित इस प्रतियोगिता में बच्चों ने अलग-अलग रंगों और आकर्षक डिजाइनों के जरिए अपनी कलात्मक सोच को प्रस्तुत किया। प्रतियोगिता के दौरान बच्चों में खासा उत्साह देखने को मिला। सभी प्रतिभागियों ने अपनी-अपनी रंगोली को आकर्षक बनाने के लिए पूरी मेहनत और लगन के साथ हिस्सा लिया।
इस अवसर पर आरआर ग्रीन फील्ड स्कूल के डायरेक्टर राजेश कुमार ने बताया कि विद्यालय में प्रत्येक वर्ष बच्चों के बीच रंगोली प्रतियोगिता का आयोजन किया जाता है। इस तरह की गतिविधियों का उद्देश्य बच्चों को पढ़ाई के साथ-साथ रचनात्मक और सांस्कृतिक गतिविधियों से जोड़ना है।
उन्होंने कहा कि रंगोली प्रतियोगिता जैसे आयोजनों से बच्चों की छिपी हुई प्रतिभा सामने आती है। साथ ही उनके मानसिक और बौद्धिक विकास को भी बढ़ावा मिलता है। ऐसी गतिविधियां बच्चों में कल्पनाशीलता, एकाग्रता और आत्मविश्वास विकसित करने में सहायक होती हैं।
विद्यालय प्रबंधन की ओर से आयोजित इस प्रतियोगिता ने बच्चों को अपनी कला और हुनर दिखाने का अवसर प्रदान किया। कार्यक्रम के दौरान बच्चों का उत्साह देखते ही बन रहा था।